मथुरा में सफाई कर्मियों से विवाद फौजी को पड़ा भारी,कर्मचारियों ने फौजी के घर के बाहर पलटी कूड़े से भरी गाड़ी

मथुरा के औरंगाबाद स्थित कृष्ण धाम कॉलोनी में कूड़ा उठाने को लेकर फौजी और सफाई कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया। कहासुनी बढ़ने के बाद नाराज सफाई कर्मचारियों ने कूड़े से भरी गाड़ी फौजी के घर के बाहर पलट दी।

मथुरा/उत्तर प्रदेश। सदर थाना क्षेत्र के औरंगाबाद स्थित कृष्ण धाम कॉलोनी में सोमवार को कूड़ा उठाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हंगामे में बदल गया। कॉलोनी निवासी फौजी सुरेंद्र और सफाई कर्मचारियों के बीच कहासुनी के बाद नाराज सफाई कर्मचारियों ने कूड़े से भरी गाड़ी उसके मकान के मुख्य दरवाजे के बाहर पलट दी। सड़क पर अचानक कूड़े का ढेर लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, सफाई कर्मचारी कॉलोनी में कूड़ा उठाने पहुंचे थे। इसी दौरान कूड़ा उठाने को लेकर फौजी सुरेंद्र और कर्मचारियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक होने लगी। आरोप है कि इसके बाद गुस्साए सफाई कर्मचारियों ने कूड़े से भरी गाड़ी फौजी के घर के बाहर खाली कर दी।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। इसके बाद सड़क पर फैले कूड़े को हटवाया गया।
सफाई कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि ड्यूटी के दौरान उनके साथ अभद्रता और मारपीट की घटनाएं बढ़ रही हैं। कर्मचारियों ने पुलिस अधिकारियों के सामने अपनी नाराजगी जताते हुए सुरेंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की।
घटना के दौरान सफाई कर्मचारियों की ओर से ‘जय भीम’ के नारे भी लगाए गए। कर्मचारियों का कहना है कि ड्यूटी के दौरान उनके साथ कथित तौर पर होने वाली अभद्रता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों से प्राप्त जानकारी, मौके की स्थिति और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button