यूपी में शराब तस्करी में संलिप्तता पर पूरी चौकी सस्पेंड
उत्तर प्रदेश पुलिस के जवान करा रहे थे शराब की तस्करी

बलिया/उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश पुलिस के ऊपर कानून का बड़ा डंडा चलाया गया। कायदे-कानून लागू ना कर पाने के कारण उत्तर प्रदेश के पुलिस अधिकारियों ने एक पूरी पुलिस चौकी को सस्पेंड कर दिया है। इतना ही नहीं एक-दूसरे मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस की एक पूरी पुलिस चौकी को लाइन हाजिर कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश के पुलिस अधिकारियों की इस कार्यवाही की आम जनता खूब तारीफ कर रही है। आम जनता का कहना है कि इसी प्रकार के एक्शन होते रहे तो उत्तर प्रदेश के अदंर कोई भी गड़बड़ी नहीं होने पाएगी।
यह मामला उत्तर प्रदेश के बलिया जिले का है। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के रेवती थाना क्षेत्र में गोपाल नगर पुलिस चौकी स्थापित है। गोपाल नगर की पुलिस चौकी में तैनात उत्तर प्रदेश पुलिस के जवान अपने क्षेत्र में शराब की अवैध तस्करी करने वालों का साथ दे रहे थे। हाल ही में शराब के तस्करों तथा उत्तर प्रदेश पुलिस के जवानों के बीच शराब तस्करी की एवज में वसूली करने के मामले का खुलासा हुआ था। यह खुलासा उस समय हुआ जब पुलिसवालों तथा तस्करों के बीच व्हाटसएप पर हुई चैट वायरल हो गई। शराब तस्करों तथा पुलिस कर्मियों की चैट वायरल होने से उत्तर प्रदेश पुलिस में हड़कंप मच गया। यह मामला बलिया परिक्षेत्र के एडीजे पीयूष मोर्डिया तक पहुंचा तो उन्होंने तुरन्त सख्त कार्यवाही करने के निर्देश जारी कर दिए।
उत्तर प्रदेश की पुलिस चौकी पर तैनात सभी पुलिसकर्मी एक साथ सस्पेंड
आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के रेवती थाने की गोपालनगर पुलिस चौकी के प्रभारी शुभेंद्र सिंह, कांस्टेबल पवन वर्मा, अफसर अली, विकास कन्नौजिया को निलंबित कर दिया गया। विभागीय जांच भी होगी। एडीजी जोन पीयूष मोर्डिया मामले पर नजर रखे हुए हैं। यह दूसरा मौका है जब उत्तर प्रदेश के बलिया में शराब तस्करी की संलिप्तता के आरोप में पूरी चौकी निलंबित कर दी गई। इससे पहले नरहीं थाने कीव कोरंटाडीह पुलिस चौकी पर तैनात सभी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई थी। दरअसल, गोपालनगर पुलिस चौकी के प्रभारी शुभेंद्र सिंह व शराब तस्कर के बीच व्हाट्सएप चैट का मामला सामने आया था। इसमें 30 हजार रुपये के लेनदेन की बात कही जा रही थी। इसका संज्ञान एसपी ओमवीर सिंह ने लिया और सीओ बैरिया फहीम कुरैशी से पूरे मामले की जांच कराई। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाइ की गई। एसपी ने बताया कि रेवती के थाना प्रभारी की भूमिका की जांच एएसपी दक्षिणी कृपाशंकर से कराई जा रही है।




