धीरेंद्र शास्त्री की सनातन हिंदू एकता पदयात्रा के लिए मथुरा में गजब का उत्साह, 5 घंटे तक श्रद्धालु करेंगे दर्शन

मथुरा/उत्तर प्रदेश। सनातन धर्म की एकता का संदेश लेकर 7 नवंबर से दिल्ली से शुरू होने वाली ‘सनातन हिंदू एकता पदयात्रा’ के ऐतिहासिक समापन की तैयारियां ब्रज में युद्धस्तर पर चल रही हैं। बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री महाराज के नेतृत्व वाली यह 10 दिवसीय पदयात्रा 16 नवंबर को वृंदावन के छटीकरा मार्ग स्थित वैष्णो देवी मंदिर परिसर में एक विशाल संत सम्मेलन के साथ संपन्न होगी।
समापन कार्यक्रम में देशभर के संत, धर्माचार्य और लाखों श्रद्धालु शामिल होंगे। इतनी बड़ी संख्या में आने वाले भक्तों के लिए भोजन (प्रसाद) की भव्य व्यवस्था की जा रही है। धीरेंद्र शास्त्री महाराज के प्रतिनिधि रोहित रिछारिया महाराज ने बताया कि भक्तों के लिए आज से ही कोसी-वृंदावन क्षेत्र में 20 विशाल भट्टियां खुदवाने का काम शुरू हो चुका है। यहां लगभग 2 लाख से अधिक लोगों के लिए प्रसाद तैयार किया जाएगा। स्थल पर टेंट, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था का काम भी तेजी से जारी है।
समापन स्थल पर भव्य मंच का निर्माण किया जा रहा है। यहां पांच घंटे तक चलने वाले सम्मेलन में धीरेंद्र शास्त्री महाराज प्रमुख रूप से विराजमान रहेंगे। धीरेंद्र शास्त्री के साथ देश भर के प्रतिष्ठित संत और धर्माचार्य मौजूद रहेंगे। पदयात्रा और सम्मेलन की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर भी तैयारियां जोरों पर हैं। कमिश्नर शैलेंद्र सिंह, डीआईजी शैलेश कुमार पांडे, डीएम चंद्र प्रकाश सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार सहित सभी आलाधिकारियों ने रूट, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन पर विस्तृत चर्चा की है, ताकि यह आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button