सैफई में बड़े मंगल पर डिंपल यादव ने भंडारे में बांटा प्रसाद
बड़े मंगल पर सैफई में सपा सांसद डिंपल यादव ने भंडारे में लोगों को प्रसाद बांटा। मीडिया से बातचीत में उन्होंने राम मंदिर चंदा चोरी और लखनऊ अग्निकांड को लेकर सरकार को घेरा।

इटावा/उत्तर प्रदेश। ज्येष्ठ माह का आज आखिरी बड़ा मंगल था। प्रदेशभर में जगह-जगह भंडारों का आयोजन किया गया। इटावा के सैफई में स्थित हनुमान मंदिर पर भंडारे का आयोजन हुआ। भंडारे में सपा सांसद डिंपल यादव और उनकी छोटी बेटी टीना यादव पहुंचीं। डिंपल यादव ने पूजा-अर्चना की। बेटी टीना के साथ डिंपल यादव ने भंडारे में प्रसाद बांटा।
मंगलवार सुबह करीब 11 बजे डिंपल यादव सैफई तहसील के सामने बने हनुमान मंदिर पहुंचीं। यहां 16 फीट ऊंची हनुमान जी की मूर्ति पर पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने बेटी टीना के साथ पूड़ी-सब्जी बांटी। भंडारे से निकलकर डिंपल यादव ने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा कि लखनऊ में हुआ अग्निकांड बहुत दुखद है। इसमें कई छात्रों ने अपनी जान गंवाई हैं। जान गंवाने वाले बच्चों के परिजनों के साथ हमारी संवेदनाएं हैं। जो बच्चे घायल हैं, उनका सरकार सही इलाज कराए। उन्होंने कहा कि जो लोग घटना के जिम्मेदार हैं, उन्हें चिह्नित करके उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करे।
राम मंदिर चंदा चोरी को लेकर भी डिंपल यादव ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जिस तरह से राम मंदिर में चंदा चोरी की घटना हुई है। पहले चोरी की बात सामने नहीं आ रही थी, जब मामला सामने आया तो पता चला कि 100 करोड़ का घोटाला है। उन्होंने ओपी राजभर पर हमला बोलते हुए कहा कि वह इधर-उधर की बातें करते हैं, लेकिन इस मामले में चुप्पी साधे हुए हैं।




