लखनऊ हादसे के बाद वाराणसी में बड़ी कार्रवाई, आकाश-एलेन समेत कई कोचिंग संस्थान सील, नोटिस भी जारी
लखनऊ हादसे के बाद वाराणसी में अग्निशमन विभाग और वीडीए की संयुक्त टीम ने कोचिंग संस्थानों पर बड़ी कार्रवाई की। जांच के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी मिलने पर कई संस्थानों को सील कर दिया।

वाराणसी/उत्तर प्रदेश। लखनऊ में हुए दर्दनाक अग्निकांड हादसे में 15 बच्चों की मौत के बाद प्रशासन अब पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को वाराणसी में अग्निशमन विभाग और वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) की संयुक्त टीम ने शहर के प्रमुख कोचिंग हब दुर्गाकुंड, साकेत नगर समेत कई इलाकों में व्यापक जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान कई बड़े और नामी कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी सामने आई, जिसके बाद कुछ संस्थानों को सील कर दिया गया जबकि अन्य को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।
अधिकारियों की संयुक्त टीम के एक साथ पहुंचने से इलाके के कोचिंग संस्थानों में हड़कंप मच गया। जांच के दौरान फायर सेफ्टी, भवन मानकों और वैध नक्शों से संबंधित दस्तावेजों की जांच की गई। कई संस्थान आवश्यक मानकों का पालन करते नहीं पाए गए।
संयुक्त टीम सबसे पहले जेआरएस कोचिंग पहुंची, जहां सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर प्रबंधन से जवाब मांगा गया। इसके बाद टीम दुर्गाकुंड स्थित आकाश कोचिंग पहुंची। जांच में पाया गया कि हजारों छात्रों की आवाजाही के लिए मात्र तीन फीट चौड़ा रास्ता इस्तेमाल किया जा रहा था। इसके अलावा संस्थान प्रबंधन वीडीए से स्वीकृत भवन नक्शा भी प्रस्तुत नहीं कर सका। गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए टीम ने आकाश कोचिंग, एलेन कोचिंग और एएल-1 कोचिंग सहित कई संस्थानों को सील कर दिया।
कार्रवाई की सूचना मिलते ही कई छोटे-बड़े कोचिंग संस्थानों में अफरा-तफरी मच गई। कई संस्थानों ने छात्रों की तत्काल छुट्टी कर दी, जबकि कुछ संचालक अधिकारियों के पहुंचने से पहले ही संस्थानों के शटर बंद कर मौके से गायब हो गए। बताया जा रहा है कि अधिकांश कोचिंग संस्थानों ने मुहर्रम तक कक्षाएं स्थगित कर दी हैं।
प्रशासन का कहना है कि छात्रों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। जिन संस्थानों में फायर सेफ्टी, भवन सुरक्षा और निकासी मार्गों से संबंधित नियमों का पालन नहीं पाया जाएगा, उनके खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



