सीने पर ‘आई लव मोहम्मद’ लिखकर किया प्रदर्शन, रील बनाकर की वायरल, सभासद की शिकायत पर गिरफ्तार

शामली/उत्तर प्रदेश। ‘आई लव मोहम्मद’ कैंपेन को लेकर बरेली में पिछले सप्ताह हुई हिंसा के बाद अब शामली में गांव कुड़ाना निवासी दिलशाद ने अपनी छाती पर ‘आई लव मोहम्मद’ लिखकर अपने गांव और शहर में प्रदर्शन किया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर पुलिस हरकत में आई। इस मामले में नगरपालिका के सभासद निशिकांत संगल की तहरीर पर पुलिस ने धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाने की धारा में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गांव कुड़ाना निवासी दिलशाद ने अपनी छाती पर बड़े अक्षरों में ‘आई लव मोहम्मद’ लिखा। उसने मंगलवार को गांव कुड़ाना में घूमकर प्रदर्शन किया। इसके बाद शामली शहर में हाथ में तिरंगा लेकर घूमते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान उसने रील के साथ वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। रात में यह मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने पर पुलिस हरकत में आई और उसकी तलाश में जुट गई।
उधर, इस मामले में मोहल्ला धर्मपुरा निवासी नगरपालिका के वार्ड 23 के सभासद निशिकांत संगल ने शहर कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि गन्ना समिति के पास दिलशाद ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और हिंदू धर्म के प्रति आपत्तिजनक शब्द कहते हुए गालीगलौज की।
इससे पहले आरोपी ने शहर के प्रमुख स्थानों पर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। सभासद ने कहा कि आरोपी के इस कृत्य से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। सभासद ने आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने सभासद की तहरीर के आधार पर आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया। एसपी एनपी सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।




