फतेहपुर की फैक्ट्री में अवैध रूप से पटाखे बनाते समय विस्फोट, पिता-पुत्री की मौत्र

फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। फतेहपुर में अवैध पटाखा फैक्ट्री में भीषण हादसे की खबर सामने आई है। जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के रेवाड़ी खुर्द गांव में सोमवार को एक फैक्ट्री में अवैध रूप से पटाखों के निर्माण के दौरान हुए विस्फोट में एक व्यक्ति और उसकी बेटी की मौत हो गई। वहीं, इस हादसे में मृतक का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद, फतेहपुर एसपी अनूप सिंह ने कल्याणपुर थाने के प्रभारी सहित चार पुलिसकर्मियों को कर्तव्यहीनता के आरोप में निलंबित कर दिया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, फतेहपुर को घटना की विस्तृत जांच का जिम्मा सौंपा गया है।
जानकारी के अनुसार, फतेहपुर की इस पटाखा फैक्ट्री में सोमवार सुबह विस्फोट अचानक हो गया। इसमेंमृतक के घर का आधा हिस्सा नष्ट हो गया। मृतकों की पहचान रेवाड़ी खुर्द निवासी नूर मोहम्मद (55) और उनकी बेटी तैय्यबा (20) के रूप में हुई है। घायल बेटे अली शेर को इलाज के लिए कानपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस बीच पुलिस ने बताया कि रेवाड़ी खुर्द गांव के निवासी और पुराने पटाखा निर्माता नूर मोहम्मद के पास अपनी पत्नी हसीना के नाम पर पटाखा लाइसेंस है।
पुलिस जांच में पता चला कि मकान मालिक ने लाइसेंस के नवीनीकरण के लिए आवेदन किया था। सोमवार सुबह लगभग 9:30 बजे पटाखा निर्माता और उनकी बेटी अपने घर की पहली मंजिल पर एक अस्थायी कमरे में रखी सामग्री से पटाखे बनाने में व्यस्त थे। पुलिस ने बताया कि विस्फोट के दौरान हसीना घर के बाहर बैठी थीं। उनका बेटा अली शेर आंगन में काम कर रहा था।
पड़ोसियों और अन्य लोगों ने दो बार अचानक हुए विस्फोट को सुना। इससे गांव के लोग हैरान रह गए। लोगों की भीड़ विस्फोट का कारण जानने के लिए मौके पर पहुंची। दोनों विस्फोटों से कमरे की छत और पहली मंजिल का कमरा उड़ गया था। कमरे का मलबा सड़क पर और आसपास के घरों में बिखर गया।
दोनों विस्फोटों ने अस्थायी कमरे की मिट्टी को धूल में बदल दिया, जिससे हर जगह धूल का गुबार छा गया और आसपास के घर भी हिल गए। पटाखा निर्माता, उसकी बेटी और बेटा ढहे हुए मकान के मलबे में दब गए। धूल के शांत होने पर ग्रामीणों ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी। घायलों को इलाज के लिए पास के अस्पताल ले जाया गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पटाखा सामग्री (बारूद) के विस्फोट से पहली मंजिल का कमरा और छत ढह गई। पुलिस ने बताया कि पटाखा सामग्री का भंडारण स्थल घर से लगभग 500 मीटर दूर था। हालांकि, मृतक घर की पहली मंजिल पर एक अस्थायी कमरे में चोरी-छिपे पटाखे बना रहा था। निर्माण कार्य अवैध रूप से चल रहा था।




