भीषण गर्मी और उमस के बीच जारी वैष्णो देवी यात्रा, श्रद्धालुओं का उत्साह बरकरार

बरसात के मौसम में भी माता वैष्णो देवी यात्रा पर आए श्रद्धालु भीषण गर्मी और उमस का सामना कर रहे हैं, लेकिन उनका उत्साह बरकरार है। श्राइन बोर्ड सभी आवश्यक सुविधाएं और सुरक्षा प्रदान कर रहा है, जिससे यात्रा सुगम बनी हुई है।

संवाददाता/सुदेश कुमार

कटड़ा/जम्मू। बरसात का मौसम शुरू हो चुका है, लेकिन पिछले एक-दो दिनों से बारिश न होने के कारण माता वैष्णो देवी की यात्रा पर आए श्रद्धालुओं को भीषण गर्मी और भारी उमस का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी देखने को नहीं मिल रही है।
सोमवार को दिनभर आसमान और त्रिकूट पर्वत पर बादलों का डेरा रहा। सूर्य और बादलों के बीच लुकाछिपी का सिलसिला चलता रहा। मौजूदा मौसम को देखते हुए संभावना जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान बारिश का सामना करना पड़ सकता है।
गर्मी और उमस के कारण श्रद्धालु पसीने से तरबतर हो रहे हैं, फिर भी देश के विभिन्न हिस्सों से आए भक्त लगातार माता के भवन की ओर बढ़ रहे हैं। दर्शन के उपरांत बड़ी संख्या में श्रद्धालु भैरव घाटी पहुंचकर बाबा भैरवनाथ के दर्शन भी कर रहे हैं।
आंकड़ों के अनुसार 28 जून को 44,700 श्रद्धालुओं ने माता वैष्णो देवी के दरबार में हाजिरी लगाई। वहीं 29 जून को दोपहर 3 बजे तक लगभग 21,000 श्रद्धालु पंजीकरण कराकर अपने परिवार और मित्रों के साथ भवन की ओर रवाना हो चुके थे। श्रद्धालुओं का आगमन लगातार जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button