आयरलैंड से हार पर उठा विवाद, कोच गौतम गंभीर और कप्तान श्रेयस अय्यर पर पंडित अशोक भारतीय ने की कार्रवाई की मांग

गाजियाबाद। आयरलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज में भारतीय टीम की हार के बाद क्रिकेट जगत में विवाद गहराता जा रहा है। इस बीच उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय व्यापार मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष पंडित अशोक भारतीय ने भारतीय टीम के कोच गौतम गंभीर और कप्तान श्रेयस अय्यर पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें टीम से बाहर करने की मांग की है।
पंडित अशोक भारतीय ने बयान जारी कर कहा कि विश्व क्रिकेट की नंबर एक टीम का आयरलैंड जैसी कमजोर टीम से हारना बेहद शर्मनाक है। उन्होंने आरोप लगाया कि टीम प्रबंधन ने साजिश के तहत प्रतिभाशाली खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी को मौका नहीं दिया, जबकि वह अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं।
उन्होंने कहा कि वैभव सूर्यवंशी ने 11 गेंदों पर 50 रन बनाने का रिकॉर्ड बनाया है और आईपीएल में 66 छक्कों के साथ 776 रन बनाकर ‘मैन ऑफ द आईपीएल’ का खिताब भी हासिल किया, इसके बावजूद उन्हें टीम में शामिल नहीं किया गया। इस पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि देश जानना चाहता है कि इतनी प्रतिभा के बावजूद उन्हें नजरअंदाज क्यों किया गया।
पंडित अशोक भारतीय ने यह भी कहा कि जब अन्य खिलाड़ियों को लगातार मौके दिए जा सकते हैं, तो वैभव सूर्यवंशी को क्यों नहीं। उन्होंने मांग की कि युवा खिलाड़ी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जल्द अवसर दिया जाए और जो खिलाड़ी प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं, उन्हें टीम से बाहर किया जाए।
उन्होंने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) से अपील करते हुए कहा कि टीम चयन में पारदर्शिता लाई जाए और भविष्य में भारत को शर्मनाक हार से बचाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। अंत में उन्होंने भारतीय क्रिकेट के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए ‘भारतीय क्रिकेट जिंदाबाद’ और ‘वंदे मातरम’ के नारे भी लगाए।




