पालघर में विकास परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किया निरीक्षण
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को पालघर जिले के विकास को नई गति प्रदान करने वाली विभिन्न रणनीतिक परियोजनाओं का निरीक्षण और समीक्षा की। इस दौरान दातिवारे बीच पर प्रस्तावित ऑफशोअर हवाई अड्डे, वधान बंदरगाह, बुलेट ट्रेन और परिवहन गलियारे परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

कांती जाधव/महाराष्ट्र स्टेट हेड
पालघर/महाराष्ट्र। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को पालघर जिले के विकास को नई गति देने वाली विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं का निरीक्षण और समीक्षा की। इस दौरान दातिवारे बीच पर प्रस्तावित ऑफशोर हवाई अड्डा, वधान बंदरगाह, बुलेट ट्रेन तथा परिवहन गलियारे परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने दातिवारे बीच क्षेत्र में प्रस्तावित ऑफशोर हवाई अड्डे के स्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक व्यवहार्यता रिपोर्ट में इस स्थान को हवाई अड्डे के लिए उपयुक्त पाया गया है, जिसके बाद संबंधित अधिकारियों को विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए गए।
प्रस्तावित हवाई अड्डा देश का पहला अपतटीय (ऑफशोर) हवाई अड्डा होगा, जिसमें दो रनवे बनाए जाने की योजना है। यह परियोजना वर्ष 2050 तक मुंबई महानगर क्षेत्र में बढ़ते हवाई यातायात के दबाव को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
यह हवाई अड्डा विरार, बुलेट ट्रेन स्टेशन, वधान बंदरगाह, विरार-अलीबाग कॉरिडोर और राष्ट्रीय राजमार्गों से प्रभावी रूप से जुड़ा होगा। इससे पालघर जिले में आधुनिक कनेक्टिविटी विकसित होगी, जिससे उद्योग, पर्यटन, निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने वधान बंदरगाह परियोजना की प्रगति की भी समीक्षा की और स्पष्ट किया कि बंदरगाह, बुलेट ट्रेन, हवाई अड्डा और परिवहन गलियारे जैसी परियोजनाओं के समन्वित क्रियान्वयन से पालघर को देश के प्रमुख आर्थिक और लॉजिस्टिक हब के रूप में विकसित किया जाएगा।
शासन ने विश्वास जताया कि डीपीआर पूरा होने के बाद आवश्यक स्वीकृतियां, बुनियादी ढांचा विकास, भूमि अधिग्रहण और परिवहन योजना से जुड़े कार्यों में तेजी लाई जाएगी, जिससे जिले के समग्र आर्थिक और शहरी विकास को नई दिशा मिलेगी।
इस अवसर पर पालक मंत्री गणेश नाइक, मत्स्य एवं बंदरगाह मंत्री नितेश राणे, जिला अध्यक्ष भरत राजपूत सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।




