महाराष्ट्र से चोरी कर दिल्ली ले जाई जा रही थी बीएसएनएल की 4.6 टन केबल, तीन आरोपी गिरफ्तार

चित्तौड़गढ़/राजस्थान। जिले के निंबाहेड़ा थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने महाराष्ट्र के संभाजीनगर से चोरी कर लाई गई बीएसएनएल विभाग की 4610 किलोग्राम (4.6 टन) अंडरग्राउंड केबल को एक कंटेनर से जब्त किया है। कंटेनर दिल्ली की ओर जा रहा था, जहां यह केबल कबाड़ी को बेची जानी थी। इस मामले में हरियाणा और उत्तर प्रदेश के तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जिनसे गहन पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि निंबाहेड़ा कोतवाली थानाधिकारी रामसुमेर के निर्देश पर एएसआई सूरज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मध्यप्रदेश सीमा पर जलिया चैक पोस्ट पर नाकाबंदी की थी। इसी दौरान नीमच की ओर से आ रहे एक संदिग्ध कंटेनर को रुकवाया गया। जांच में कंटेनर के अंदर काले रंग की मोटी केबल के कटे हुए टुकड़े मिले, जिन पर ‘S.I.I.L SILVASSA 1997 1200 PRS 0.4 MM DOT’ अंकित था।
पुलिस जांच में पाया गया कि कंटेनर में लदी केबल बीएसएनएल कंपनी की अंडरग्राउंड केबल है। ये केबल 2.5 से 3 इंच मोटी और करीब 25-26 फीट लंबाई के टुकड़ों में थी। कुल वजन 4610 किलोग्राम मापा गया। केबल के साथ कटर उपकरण भी बरामद किए गए, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि यह केबल चोरी की गई है। कंटेनर और सामग्री को धारा 106 बीएनएसएस 2023 के तहत जब्त किया गया।
तीन आरोपियों की गिरफ्तारी, दिल्ली बेचने जा रहे थे केबल
पुलिस ने मौके से कंटेनर चालक बलवान सिंह पुत्र रामसिंह नाई (निवासी झज्जर, हरियाणा), साथी असलम पुत्र सगीर खान (निवासी बुलंदशहर, यूपी, हाल पश्चिम दिल्ली) और शाहरूख पुत्र लंडन खान (निवासी कासगंज, यूपी, हाल पश्चिम दिल्ली) को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि तीनों आरोपी केबल को संभाजीनगर, महाराष्ट्र से चोरी कर लाए थे और दिल्ली में कबाड़ी को बेचने की योजना थी।
बीएसएनएल के उच्चाधिकारियों और महाराष्ट्र पुलिस से जब निंबाहेड़ा पुलिस ने संपर्क किया तो यह पुष्टि हुई कि केबल की चोरी को लेकर संभाजीनगर में मामला दर्ज है। जानकारी मिलते ही संभाजीनगर पुलिस भी जांच के लिए चित्तौड़गढ़ पहुंची। अब यह केस राज्य के दो पुलिस थानों की संयुक्त जांच का विषय बन गया है।
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि इस केबल चोरी गिरोह का मास्टरमाइंड महबूब खान निवासी दिल्ली है। वह हवाई यात्रा से महाराष्ट्र जाकर गिरोह के सदस्यों को चोरी की योजना बनाकर देता है। वह पहले भी संभाजीनगर में छह वारदातों को अंजाम दे चुका है। इस बार सातवीं बार की गई चोरी में गिरोह निंबाहेड़ा पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
गिरोह के सदस्य हाईवे के किनारे की केबल काटने के लिए जैकेट, हेलमेट, रिफ्लेक्टर और बेरियर लगाकर ट्रैफिक डायवर्जन करते हैं ताकि लोग उन्हें सरकारी कर्मचारी समझें और किसी को चोरी की भनक तक न लगे। इसी चालाकी से वे कई बार पुलिस की नजरों से बच निकलने में सफल रहे थे, लेकिन इस बार पुलिस की सतर्कता ने उन्हें धर दबोचा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button