भुगतान नहीं करने वाली मिलों को नीलाम कर किसानों को ही बना देंगे उनका मालिक: योगी आदित्यनाथ

मेरठ/एजेंसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को सहारनपुर, बिजनौर और नगीना में चुनावी सभाएं की। किसान बेल्ट में उन्होंने किसानों के मुद्दे उठाएं। कानून व्यवस्था की बात सामने रखी। मुख्यमंत्री ने बिजनौर लोकसभा सीट से गठबंधन से रालोद के प्रत्याशी चंदन चौहान, नगीना से बीजेपी के ओम कुमार और सहारनपुर में सहारनपुर के कैंडिडेट राघव लखन पाल शर्मा के लिए वोट मांगे। सभाओं में मुख्यमंत्री योगी ने कहा वैश्विक मंच पर रोजाना भारत का नाम छाया रहता है। पुलवामा हमले के बाद भारत की एयर स्ट्राइक को ब्रिटेन के प्रमुख समाचार पत्र द गार्जियन ने अब प्रकाशित किया है। कहा है कि पाकिस्तान में दो साल पहले बीस आतंकवादी मारे गए थे। भारत की आतंकवाद के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति को अब दुनिया के तमाम देश अपना रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में ऐसा पहली बार हो रहा है, जब किसान किसी सरकार के एजेंडे में शामिल हैं। किसानों की ऋण माफी, सम्मान निधि के साथ साथ तमाम किसान हित की योजनाएं चलाई जा रही हैं। किसानों के मसीहा को भारत रत्न देकर किसानों को सम्मान प्रधानमंत्री ने दिया है। पहले किसानों को कोई सुविधा नहीं मिलती थी। गन्ने का भुगतान दस-दस वर्षों में होता था। सीएम ने कहा कि आज प्रदेश की 120 में से 105 मिलें सात दिन में गन्ना मूल्य का भुगतान कर रही हैं, बाकी 15 मिलों पर भी शिकंजा कसा जा रहा है। जो मिलें किसानों का भुगतान नहीं करेंगी, उन्हें नीलाम करके किसानों को ही उनका मालिक बना दिया जाएगा।
योगी ने कानून व्यवस्था के मुद्दे पर कहा कि आज उत्तर प्रदेश में दंगा नहीं होता। पांच साल पहले गुंडे बदमाशों के डर से बेटी, व्यापारी और नागरिक प्रदेश से पलायन करते थे, आज गुंडे बदमाश प्रदेश से पलायन कर गए हैं। पांच साल पहले किसी ने नहीं सोचा था कि कश्मीर आतंक मुक्त हो जाएगा। अयोध्या में राम मंदिर बन जाएगा, लेकिन ये सब भाजपा ने साकार कर दिया। इस कायाकल्प और शक्ति का आधार आपका एक वोट है। योगी ने कहा कि आप संकल्प लें कि जो राम को लाएं हैं हम उनको लाएंगे। आपके यहां 19 अप्रैल को पहले चरण का मतदान है। यहां से निकली हवा ही पूरे प्रदेश में प्रधानमंत्री मोदी के गले में 80 मनकों की माला पहनाएगी। आप सभी एक दिन की छुट्टी लेकर लोकतंत्र के पर्व में शामिल जरूर हों।
योगी ने कहा कि हमारे पास करिश्माई नेतृत्व मोदी का है। आज हमें वोट जाति के आधार पर नहीं, संप्रदाय के आधार पर नहीं, तुष्टीकरण के आधार पर नहीं, धर्म के आधार पर नहीं, बल्कि विकसित भारत के संकल्प के लिए मिलते हैं। आने वाले पीढ़ी का भविष्य उज्जवल हो सके, इसके लिए प्रधानमंत्री मोदी का नेतृत्व हमारे पास है। इस विश्वास के साथ 2024 चुनाव में पूरे देश से एक ही आवाज आ रही है एक बार फिर मोदी सरकार।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button