वाराणसी में पुलिस कमिश्नर के पीआरओ पर महिला के बड़े आरोप, नौकरी लगवाने के नाम पर ठग लिए 16 लाख
Woman makes serious allegations against PRO of Police Commissioner in Varanasi, duped of 16 lakhs in the name of getting a job

वाराणसी/उत्तर प्रदेश। पुलिस कमिश्नर के पीआरओ दीपक रानावत पर नौकरी का झांसा देकर 16 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप लगा है। मैनपुरी की महिला अनीता यादव ने पुलिस कमिश्नर से इसकी शिकायत की है। महिला का आरोप है कि पुलिस भर्ती परीक्षा-2024 और दिल्ली हाई कोर्ट में स्टेनो पद पर नौकरी दिलाने के नाम पर यह ठगी हुई। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने मामले की जांच आइपीएस अफसर से कराने का आश्वासन दिया है।
मैनपुरी के आगरा रोड पर गोपीनाथ बस अड्डा निवासी अनीता यादव ने पुलिस कमिश्नर को शिकायती पत्र देकर न्याय की मांग की है। उनका आरोप है कि पुलिस भर्ती परीक्षा -2024 व दिल्ली हाईकोर्ट में स्टेनो पद पर नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी की गई है। महिला ने पुलिस कमिश्नर को कुछ वीडियो काल्स भी दिखाई हैं।
पुलिस कमिश्नर को दिए पत्र में महिला ने बताया है कि एसआइ दीपक रानावत जो वर्तमान में पुलिस कमिश्नर के पीआरओ पद पर कार्यरत हैं , उनसे जुलाई -2024 में बात हुई। उन्होंने बेटे को नौकरी दिलाने की बात कही। उस समय पुलिस भर्ती परीक्षा -2024 चल रही थी। दीपक ने कहा कि उसका दोस्त संदीप संघ लोकसेवा आयोग में है। वह प्रत्येक भर्ती में काम करा देता है। इसके बाद दिल्ली हाईकोर्ट में स्टेनो पद पर नौकरी लगाने का झांसा देकर 16 लाख रुपये संदीप को देने के लिए कहा।
दीपक की बातों पर भरोसा कर अपने सारे जेवर बेचकर और ब्याज पर पैसा लेकर 30 अगस्त 2024 को मथुरा बस स्टैंड के पास आठ लाख रुपये दिए। बाकी के आठ लाख रुपये दोबारा दीपक के कहने पर फिर मथुरा बस स्टैंड पर जाकर उक्त व्यक्ति को दिए। 15 अक्टूबर 2024 तक इसने मेरे बेटे की नौकरी लगवाने का आश्वासन भी दिया ।
महिला ने आरोप लगाया है कि दीपक ने संदीप के साथ मिलकर मेरा शारीरिक और मानसिक शोषण किया है। इन लोगों ने धमकी भी दी है। महिला ने पुलिस कमिश्नर को दो मोबाइल नंबर भी बताए हैं जो अभी बंद आ रहे हैं। उसने बताया है कि ऑनलाइन भी एक लाख रुपये लिए गए हैं । दूसरी ओर, पुलिस कमिश्नर के पीआरओ दीपक रानावत ने महिला के आरोपों को बेबुनियाद बताया है। दीपक का कहना है कि यह महिला कभी मिली नहीं , कोई बात नहीं हुई। पैसे के लेन – देन का कोई प्रमाण नहीं है । इस मामले की जांच के बाद सच्चाई सामने आ जाएगी।



