छठ घाट से लौट रही थी दसवीं की छात्रा, गोरखपुर में दो सगे भाइयों ने अगवा करके किया गैंगरेप

गोरखपुर/उत्तर प्रदेश। गोरखपुर में दसवीं की छात्रा को पहले दो सगे भाइयों ने अगवा किया फिर उसका गैंगरेप किया। वारदात के समय छात्रा छठ घाट से लौट रही थी। जैसे ही इसकी जानकारी पुलिस को हुई तो हड़कंप मच गया। परिजनों और ग्रामीणों के रोष के बाद पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी।
मामला बांसगांव थाना क्षेत्र के एक गांव का है। सोमवार की सुबह छठ घाट से वापस लौटते वक्त 16 वर्षीय दसवीं की छात्रा का गांव के ही दो सगे भाइयों ने अपहरण कर लिया और सुनसान मकान में ले जाकर उसके साथ गैंगरेप किया। इस दौरान छात्रा ने खुद को बचाने के लाख प्रयास किए, मिन्नतें कीं लेकिन दोनों आरोपियों ने उसे नहीं बख्शा। छात्रा का छोटा भाई जब अपनी बहन को ढूंढता हुआ मौके पर पहुंचा तो दोनों भाइयों ने उसे भी जमकर पीटा और फरार हो गए। रोती बिलखती छात्रा जब अपने परिजनों के पास पहुंची और आपबीती बताई तो परिजन सन्न रह गए।
परिजनों के अनुसार आरोपियों का परिवार गांव में दबंग किस्म का है, जिसकी वजह से शुरुआत में उन्होंने पुलिस में कोई भी कंप्लेंट नहीं कराई। लेकिन बेटी की हालत और ग्रामीणों के आक्रोश के बाद थाने में तहरीर देखकर मुकदमा दर्ज कराया गया। पुलिस ने लड़की का बयान लेने के बाद दोनों आरोपित सगे भाइयों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया और जांच में जुट गई है।
पुलिस को मिली तहरीर के मुताबिक दोनों भाई छात्रा को पहले से ही परेशान करते रहे है, बावजूद इसके कुछ दिनों तक छात्रा ने डर के मारे परिजनों को कुछ भी नहीं बताया। परिजनों को जब इस बात की जानकारी हुई तो उन्होंने इसकी शिकायत उनके घर वालों से की लेकिन उन्‍होंने उल्टा उन्हें ही डांट फटकार कर भगा दिया। पीड़िता के परिवार का कहना है कि आरोपियों का परिवार बेहद दबंग किस्म का है, जिसकी वजह से दोनों भाइयों ने इतना बड़ा दुस्साहस किया है। अब हम उन्हें किसी भी तरह बख्शने वाले नहीं हैं। हम चाहते हैं कि दोनों को सजा जरूर मिले।
हालांकि सोमवार को हुई इस घटना के बाद कई तरह की चर्चाएं सामने आ रहीं थीं। कुछ लोगों का कहना था कि लड़की पहले से ही उन लोगों से संपर्क में थी और उनके साथ स्वेच्‍छा से गई थी लेकिन मौके पर भाई के पहुंच जाने की वजह से यह सारा नाटक रचा गया है। शुरू में पुलिस भी इस मामले में कुछ कहने से बच रही थी। लेकिन परिजनों और ग्रामीणों के आक्रोश के बाद पुलिस सक्रिय हुई और मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
एसपी साउथ एके सिंह ने बताया कि परिजनों की तरफ से तहरीर मिली है, छात्रा से पूछताछ के बाद दोनों भाइयों पर मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। छात्रा का मेडिकल भी कराया गया है, जांच रिपोर्ट आने के बाद अन्य धाराएं भी बढ़ाई जाएगी और आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button