कन्नौज के दिव्यांग पुजारी ने की योगी आदित्यनाथ से मुलाकात, मंदिर निर्माण में आ रहे व्यवधान के बारे में बताया

Disabled priest from Kannauj met Yogi Adityanath, told him about the obstacles in the construction of the temple

गोरखपुर/उत्तर प्रदेश। कन्नौज जिले के दिव्यांग पुजारी गोपालदास ने सोमवार को गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। उन्होंने धर्म, संस्कृति के संरक्षण और विकास के सतत कार्यों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना करने के साथ कन्नौज में बजरंग बली के मंदिर निर्माण में आ रहे व्यवधान के बारे में बताया। कहा कि कुछ लोग मंदिर निर्माण नहीं होने दे रहे हैं। इस पर मुख्यमंत्री योगी ने उन्हें आश्वस्त किया कि जांच कराकर न्यायपूर्ण कार्रवाई की जाएगी। किसी को मनमानी नहीं करने दी जाएगी।
जनता दर्शन में कुर्सी पर बैठाए गए दिव्यांग पुजारी गोपालदास से मिलते ही मुख्यमंत्री ने उनका कुशलक्षेम और जनता दर्शन में आने का प्रयोजन पूछा। गोपालदास ने बताया कि वह कन्नौज जिले के सौरिख थाना क्षेत्र के ग्राम टाड़ा रायपुर से आए हैं। वह वहां बजरंग बली के मंदिर के पुजारी हैं। मंदिर का नवनिर्माण करा रहे हैं, लेकिन गांव के कुछ लोग निर्माण नहीं होने दे रहे हैं। उनकी समस्या सुनने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वह जांच कराकर कार्रवाई सुनिश्चित कराएंगे। पुजारी गोपालदास मुख्यमंत्री के आश्वसान से संतुष्ट नजर आए। उन्होंने कहा कि सीएम योगी धर्म, संस्कृति की रक्षा के साथ प्रदेश का चतुर्दिक विकास भी करा रहे हैं।
वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को जन समस्याओं का समाधान संवेदनशीलता और शीघ्रता से करने का निर्देश दिया है। मंगलवार को एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में मंगलवार की सुबह जनता दर्शन में आए लोगों से मुलाकात की, उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को निर्देश दिया कि जन समस्याओं का समाधान संवेदनशीलता और शीघ्रता से किया जाए और इसमें तनिक भी लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
गोरखनाथ मंदिर परिसर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित जनता दर्शन में कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक मुख्यमंत्री खुद पहुंचे और एक-एक कर सबकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने करीब 250 लोगों से मुलाकात की। सबके प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को देते हुए त्वरित निस्तारण का निर्देश देने के साथ ही मुख्यमंत्री ने लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर पीड़ित की समस्या का समाधान कराने के लिए संकल्पित है।
मुख्यमंत्री के समक्ष जनता दर्शन में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे थे। योगी ने उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार इलाज के लिए भरपूर मदद करेगी। उनके प्रार्थना पत्रों को अधिकारियों को देते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि इलाज संबंधी इस्टीमेट की प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण करा कर शासन में उपलब्ध कराया जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button