मथुरा रेलवे स्टेशन पर महिला के ऊपर से गुजरी ट्रेन
Train runs over a woman at Mathura railway station

मथुरा/उत्तर प्रदेश। मथुरा रेलवे स्टेशन का एक वीडियो इस समय सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल हो रहे वीडियो को देखकर लोग तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं और यूजर्स जमकर इसको शेयर कर रहे हैं।मथुरा जंक्शन पर छह महीने से एफओबी बंद पड़ा हुआ है। लोग एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए शार्टकट का इस्तेमाल कर रहे हैं और ट्रैक को पार कर रहे हैं। सोशल मीडिया में वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि एक महिला रेलवे ट्रैक पर खड़ी मालगाड़ी के नीचे से पार कर रही थी, तभी मालगाड़ी चल देती है। रेलवे स्टेशन पर खड़े लोगों ने जब देखा तो महिला को सीधा लेटे जाने की सलाह दी। लोग चिल्लाते हुए महिला को सीधा लेटने की सलाह दे रहे हैं। वहीं, लोगों के चिल्लाने पर मालगाड़ी का ड्राइवर ट्रेन को रोकता है और वहां मौजूद लोग महिला को ट्रेन के नीचे से निकालते हैं और जयकारा लगाते हैं।
महिला को इस हादसे में एक खरोंच तक नहीं आती है। इस वीडियो को अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर शेयर किया जा रहा है। लोग इस वीडियो पर अब तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं। कोई लिख रहा है कि जाको राखे साइयां मार सके न कोय, तो वहीं कोई लिख रहा है कि लगता है यमराज जी छुट्टी पर चले गए गए हैं। एक यूजर ने लिखा है कि यही होता है जब यमराज जी लंच पर चले जाते हैं। वहीं, एक अन्य ने लिखा है कि आज भगवान मूड में नहीं थे, इसलिए रहम खा गए हैं।




