नई दिल्ली स्टेशन भगदड़ के बाद रेलवे का बड़ा एक्शन, डीआरएम और स्टेशन डायरेक्टर हटाए गए

Railway took big action after New Delhi station stampede, DRM and station director removed

  • डीआरएम सुखविंदर सिंह को हटाया गया, नए डीआरएम पुष्पेश त्रिपाठी
  • नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ में 18 लोगों की मौत हुई थी
  • महाकुंभ के दौरान भगदड़ के कारणों की जांच जारी है

नई दिल्ली। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर पिछले महीने महाकुंभ के दौरान मची भगदड़ के बाद केंद्र सरकार ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली के डिवीजनल रेलवे मैनेजर (डीआरएम) सुखविंदर सिंह को उनके पद से हटा दिया गया है। इसके अलावा नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के स्टेशन डायरेक्टर का भी तबादला कर दिया गया है।
रेल मंत्रालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि डीआरएम सुखविंदर सिंह की जगह उत्तर मध्य रेलवे के अधिकारी पुष्पेश आर. त्रिपाठी नए डीआरएम होंगे। सुखविंदर सिंह की नई पोस्टिंग को लेकर रेल मंत्रालय की ओर से अभी तक कोई जानकारी शेयर नहीं की गई है। इसी तरह से नई दिल्ली के स्टेशन डायरेक्टर महेश यादव की जगह अब लक्ष्मीकांत बंसल को नई दिल्ली को नया रेलवे स्टेशन डायरेक्टर बनाया गया है। बंसल अब तक डिप्टी सीओएम कोचिंग के पद पर हैं और दिल्ली स्थित नॉर्दन रेलवे के हेडक्वार्टर में तैनात हैं। इन दोनों के अलावा निशांत नारायण को दिल्ली के सीनियर डीसीएम फ्रेट की जगह सीनियर डीसीएम पैसेंजर सर्विस बनाया गया है।
बता दें कि पिछले महीने 15 फरवरी की रात नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 13 और 14 पर उस समय भगदड़ मच गई थी, जब कथित तौर पर यात्रियों के बीच प्रयागराज जा रही दो ट्रेनों के रद्द होने की अफवाह फैल गई। भगदड़ में 18 लोगों की जान चली गई थी और कई अन्य घायल हुए थे। हालांकि तक रेलवे की जांच कमिटी ने भगदड़ के कारणों को साफ नहीं किया है। लेकिन रेलवे के इन अफसरों के तबादलों को इसी भगदड़ से जोड़कर देखा जा रहा है।
यह हादसा रात 9.30 बजे के आसपास हुआ था। रेलवे ने बताया कि दोनों प्लेटफॉर्म पर भीड़ काफी अधिक थी, जिस कारण कुछ लोग बेहोश हो गए। इसके बाद भगदड़ जैसी स्थिति बन गई थी। रेलवे की ओर से मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायल यात्रियों को ढाई-ढाई लाख रुपये और मामूली रूप से घायल यात्रियों को एक-एक लाख रुपये का मुआवजा देने का ऐलान किया गया था। सत्ता पक्ष से लेकर विपक्ष तक के तमाम नेताओं ने इस हादसे पर दुख जताया था। हादसे के बाद रेलवे की ओर से प्रयागराज के लिए अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन किया गया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button