एमसीडी दफ्तर की तीसरी मंजिल से कूदकर सहायक सैनिटरी इंस्पेक्टर ने दी जान, 6 महीने से थे सस्पेंड

दिल्ली नगर निगम के शाहदरा उत्तरी जोन कार्यालय में सहायक सैनिटरी इंस्पेक्टर(एएसआई) राजकुमार सोलंकी ने तीसरी मंजिल से कूदकर जान दे दी। वह छह महीने से निलंबित थे और कथित तौर पर बहाली न होने के कारण अवसाद में थे।

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली ब्यूरो। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के शाहदरा उत्तरी जोन के कार्यालय की बिल्डिंग की तीसरी मंजिल से कूदकर एएसआई ने दी जान। मृतक की पहचान राजकुमार सोलंकी के रूप में हुई है। करीब छह महीने से यह निलंबित चल रहे थे।
सूत्रों का कहना है कोई अधिकारी इन्हें बहाल नहीं कर रहे थे। इस वजह से यह अवसाद में थे। कुछ देर पहले कूदकर जान दे दी। यह निगम के डेम्स विभाग में तैनात थे। तत्कालीन निगम उपायुक्त अभिषेक मिश्रा ने निलबिंत किया था। कुछ ही सप्ताह पहले अभिषेक मिश्रा को सीबीआई ने रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया था।
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, वहीं कर्मचारियों ने दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। यह घटना न केवल निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है बल्कि कर्मचारियों की मानसिक सुरक्षा और कार्यस्थल पर सम्मानजनक वातावरण सुनिश्चित करने की आवश्यकता को भी उजागर करती है। पुलिस ने बताया कि दोपहर लगभग 15:07 बजे एमसीडी भवन, केशव चौक के पास एक व्यक्ति के गिरने की सूचना वेलकम थाने में प्राप्त हुई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पाया कि राजकुमार (58 वर्ष), जो एमसीडी में सहायक सैनिटरी इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत थे, भवन से गिरकर घायल अवस्था में पड़े थे।
उन्हें तुरंत जेपीसी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। वेलकम थाने द्वारा बीएनएसएस की धारा 194 के तहत कार्रवाई की गई है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button