थम चुकी थीं सांसें, भीड़ देखकर रुक गए डीसीपी शशांक जायसवाल, सीपीआर देकर बचाई जान
His breathing had stopped, DCP Shashank Jaiswal stopped seeing the crowd, saved his life by giving CPR

नई दिल्ली। आस-पास खड़े लोग तमाशबीन बने खड़े थे। उसी समय वहां से गुजर रहे डीसीपी ट्रैफिक (हेड क्वार्टर) शशांक जायसवाल भीड़ देखकर रुक गए। घायल को चेक किया तो उनकी सांस रुकी हुई थी। उन्होंने फौरन वहां मौजूद एक शख्स फैजान के साथ मिलकर नितिन त्यागी (45) को सीपीआर देना शुरू किया।डीसीपी के सीपीआर देने के करीब एक मिनट में ही शख्स ने अपना हाथ हिला दिया। बस फिर क्या था कुछ ही देर में वह शख्स अपने पैरों पर खड़े हो गए। हालांकि, उनके सिर और पैर पर काफी चोट लगी थी। इसके बाद घायल को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। जहां से कुछ देर बाद उन्हें घर भेज दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, 26 मार्च की रात करीब 11 बजे डीसीपी जायसवाल एक पार्टी से घर लौट रहे थे। दिल्ली कैंट के पास नारायणा रोड पर उन्होंने भीड़ जमा देखी। वह वहां रुके तो देखा कि एक शख्स जमीन पर अचेत पड़ा है। सिर से खून बह रहा था। डीसीपी ने पास जाकर चेक किया तो सांस नहीं आ रही थी। उन्होंने फौरन वहां खड़े फैजान के साथ मिलकर घायल को सीपीआर देना शुरू कर दिया। जिससे करीब एक मिनट में ही नितिन की सांस वापस आ गई।
हादसे में घायल नितिन ने बताया कि वह पंजाबी बाग में रहते हैं। किसी बाइक वाले ने उन्हें हिट कर दिया था। जिसकी वजह से वह गिर गए थे। इसके बाद उन्हें होश नहीं था। होश आया तो दिल्ली पुलिस का एक डीसीपी और कुछ लोग उनके पास खड़े थे। नितिन ने डीसीपी का शुक्रिया अदा किया।
डीसीपी ने बताया नितिन के होश में आने के बाद वह उन्हें अस्पताल ले जाने और घर छोड़ने के लिए एक टैक्सी वाले को रोक रहे थे। मगर टैक्सी वाले ने डीसीपी के कहने के बावजूद मदद करने से मना कर दिया था। ऐसे में फैजान ने कहा कि वो घायल को इलाज के लिए ले जाने के बाद घर तक छोड़कर आएगा। रात में नितिन को घर छोड़ने के बाद फैजान ने डीसीपी को मैसेज कर सूचना दी कि नितिन सकुशल घर पहुंच गए हैं।
बता दें कि जायसवाल पिछले करीब 6 महीने में तीसरी बार किसी के लिए फरिश्ता बने हैं। दरअसल, सितंबर 2024 में वह इसी तरह रास्ते में घायल पड़े बाइक सवार को अपनी कार से अस्पताल लेकर गए थे। जिससे उनकी जान बची। दिसंबर 2024 में आर्मी और एयरफोर्स में कार्यरत कपल की कार सड़क पर पलट गई थी। उन्हें रुककर समय रहते बाहर निकाला था। अब कल फिर सड़क पर अचेत पड़े शख्स को सीपीआर दिया।
जायसवाल ने कहा, जो भी बाइक आदि से चलते हैं। वह अच्छी क्वालिटी का हेलमेट पहनें। साथ ही उसकी स्ट्रैप जरूर लगाएं। क्योंकि कल वाले हादसे में घायल हुए नितिन ने हेलमेट तो पहना था, लेकिन उसका स्ट्रैप नहीं लगाया था। जिस कारण जब वह गिरे तो हेलमेट उतर गया और उनके सिर पर चोट लग गई। वहीं उन्होंने हादसे के बाद तमाशा देखने वालों को भी सलाह दी कि ऐसा होने पर तमाशा ना देखें, बल्कि मदद के लिए आगे आएं।




