फतेहपुर में हाईवे पर खड़ी बस में टकराया गिट्टी भरा ट्रेलर, तेज धमाके से हुई आवाज
In Fatehpur, a trailer full of gravel collided with a bus parked on the highway, loud explosion sounded

फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। फतेहपुर जिले में औंग थाना क्षेत्र के कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर शुक्लानगर मोड़ के पास बड़ा हादसा होते-होते बच गया। दरअसल, मंगलवार सुबह सात बजे खड़ी बस में पीछे से गिट्टी लदे ट्रेलर ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। हालांकि, इस घटना में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार, बस राजस्थान प्रांत के प्रतापगढ़ जिले से प्रयागराज महाकुंभ जा रही थी। बस में कुल 35 लोग सवार थे, जो सुबह सात बस किनारे लगाकर नाश्ता और चाय बना रहे थे। बस में सवार नेहा पाटीदार पुत्री लाल पाटीदार, राखी व अरविंद घटना के दौरान चाय पीने के बाद बस में बैठ गई थीं।
जिस समय ट्रेलर ट्रक ने टक्कर मारी, उस समय तेज धमाका जैसी आवाज हुई। आसपास खड़े लोग बचाव के लिए दौड़े। बस के बाहर खड़े लोग भी दौड़कर भागे। हालांकि, इस घटना में बस चालक जीतमल पुत्र बेरूलाल निवासी चित्तौड़गढ़ राजस्थान थाना मंगलाना को चोट आई है। वहीं, ट्रेलर ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।




