चीन में मुलाकात, लंदन में प्यार… ‘सात समंदर पार’ प्यार निभाने आई विदेशी लड़की, झारखंड के युवक से की शादी

साहेबगंज/झारखंड। प्यार की कोई सीमा नहीं होती। लोग अपने प्यार को पाने के लिए ‘सात समंदर भी पार’ कर जाते हैं। ऐसी ही मामला झारखंड के साहेबगंज से सामने आया है। जहां चीन की युवती ने झारखंड के एक युवक से वैदिक रीति-रिवाज से शादी की। दोनों की शादी प्रेम, विश्वास और सांस्कृतिक मेल-जोल की मिसाल बन गया। चीनी युवती और साहेबगंज के युवक की शादी अब चर्चा में है।
मिली जानकारी के मुताबिक, चीन के हावेई प्रांत की रहने वाली छियाओ जियाओ और भारत के साहेबगंज निवासी चंदन सिंह की अनोखी प्रेम कहानी 6 दिसंबर को विवाह के पवित्र बंधन में बदल गई। हजारों किलोमीटर दूर से भारत पहुंचीं छियाओ जियाओ ने वैदिक रीति-रिवाज के साथ सात फेरे लिए और इस अनोखी शादी ने पूरे इलाके में खास चर्चा बटोरी है।
चंदन और छियाओ जियाओ की मुलाकात शिक्षा के दौरान पहले चीन में और फिर लंदन में हुई। दोस्ती से शुरू हुआ रिश्ता धीरे-धीरे इतना गहरा हो गया कि दोनों ने जीवनभर एक-दूसरे का साथ निभाने का निर्णय ले लिया। संस्कृतियों में भिन्नता होने के बावजूद दोनों के बीच प्यार की डोर और मजबूत होती गई।
चंदन सिंह के पिता शंभू शंकर सिंह ने बेटे के निर्णय को पूरे मन से स्वीकार करते हुए विनायक होटल में भव्य वैदिक विवाह का आयोजन कराया। मंत्रोच्चारण के बीच जब दूल्हा–दुल्हन ने सात फेरे लिए, तो उपस्थित परिजनों और मेहमानों ने इस अनोखे मिलन को भावुक होकर देखा। समारोह में भारतीय और चीनी संस्कृति का सुंदर संगम लोगों के बीच चर्चा का केंद्र बना रहा।




