महात्मा गांधी पर टिप्पणी करने पर मीनाक्षी सहरावत के खिलाफ मुकदमा दर्ज
राष्ट्रपिता की उपाधि पर उठाया था सवाल

उडुपी/कर्नाटक। कर्नाटक में उडुपी टाउन पुलिस ने सोशल मीडिया पर सांस्कृतिक पहलुओं पर व्याख्यान देने वाली कार्यकर्ता मीनाक्षी सहरावत के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सहरावत ने चार जनवरी को यहां एक कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर भड़काऊ बयान दिया था और भारत के लिए महात्मा गांधी के योगदान पर सवाल उठाया था।
सहरावत पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 353 (2) और 353 (3) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन करने वाले उडुपी आदमरू मठ के प्रशासक गोविंदा नागराजू को भी मामले में नामजद किया गया है।
उडुपी टाउन पुलिस स्टेशन के सब-इंस्पेक्टर पुनीत कुमार की शिकायत के आधार पर पांच जनवरी को एफआईआर दर्ज की गई थी। इसके अनुसार, सहरावत ने ”बांग्ला से सबक” विषय पर एक भाषण के दौरान अपनी टिप्पणी में महात्मा गांधी को दी गई ‘राष्ट्रपिता’ की उपाधि पर सवाल उठाया था। उन्होंने कथित तौर पर दावा किया कि महात्मा गांधी की अहिंसा की वकालत का उद्देश्य हिंदुओं को कमजोर करना था।




