रहमान बनकर हिन्दू युवक आशीष ने मुस्लिम युवती से की शादी, पिता की मौत पर बरेली पहुंचने पर पता चला सच

यूपी के बरेली जिले से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक हिंदू युवक मुस्लिम बनकर युवती को अपने प्रेमजाल में फंसाया और उससे निकाह किया। जब मुस्लिम युवती को पता चला तो युवक फरार हो गया।
बरेली/उत्तर प्रदेश। बरेली जिले के नवाबगंज तहसील में एक शातिर ने आशीष से रहमान बनकर एक मुस्लिम युवती को प्रेमजाल में फंसाया और निकाह कर लिया। ढाई साल साथ रखने के बाद उसके अबोध बेटे को लेकर नाटकीय ढंग से गायब हो गया। आहत विवाहिता ने अपने पिता के साथ कोतवाली पहुंचकर उसके विरुद्ध तहरीर दी है।
नवाबगंज स्थित गांव सरदार नगर निवासी हीरालाल गंगवार के पुत्र आशीष गंगवार ने इंस्टाग्राम पर स्वयं को रहमान बताकर मऊ के थाना सराय निवासी सुल्तान अहमद की पुत्री फात्मा को अपने प्रेमजाल में फंसा लिया और ढाई वर्ष पहले उसे लखनऊ बुलाकर निकाह कर लिया। पूरे ढाई वर्ष तक उत्तराखंड के रुद्रपुर में उसके साथ रहा।
इसी बीच आशीष के पिता का निधन होने पर जब वह पति के साथ ससुराल सरदार नगर आई तो उसे आशीष की हकीकत के बारे में मालूम हुआ। जिसके बाद पति-पत्नी के बीच विवाद होने लगा और आशीष उसे रुद्रपुर में ही छोड़कर चला आया। जिस पर फात्मा ने नवाबगंज कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। तहरीर पर पुलिस आशीष उर्फ रहमान को उठा लाई और जब उसे फटकारा तो वह ये कहकर अपने दोस्त बहेड़ी निवासी कपिल के साथ फात्मा को साथ ले गया कि बेटा उसकी बड़ी बहन के पास बरेली में है, चलो हम लोग बेटे को लेकर दिल्ली में रहेंगे।
आरोप है कि बरेली पहुंच कर उसने रेलवे स्टेशन पर बिठा दिया। अपना मोबाइल फोन छोड़कर कपिल के साथ गायब हो गया। उसके बाद वापस नहीं लौटा। पीड़िता ने बताया कि अपने पिता के साथ नवाबगंज कोतवाली पहुंची फात्मा ने पुनः पुलिस से शिकायत की, लेकिन पुलिस के वीआईपी ड्यूटी में होने के कारण कोई सुनवाई नहीं हो सकी तो बेचारी ससुराल पहुंची और रात बिताने के लिए पड़ोसी के यहां रुकी हुई है।




