आगरा कैंट रेलवे स्टेशन केरला एक्सप्रेस में मिला 25 लाख रुपये से भरा बैग, जांच में जुटी खुफिया एजेंसियां
A bag full of 25 lakh rupees found in Kerala Express at Agra Cantt Railway Station, intelligence agencies engaged in investigation

आगरा/उत्तर प्रदेश। आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर आई केरला एक्सप्रेस ट्रेन में जीआरपी पुलिस और टीटीई को रुपयों से भरा एक बैग मिला। इसकी सूचना टीटीई टीके विश्वास ने जीआरपी को दी। जीआरपी ने बैग खोलकर देखा तो उसमें 500-500 के नोटों की गड्डियां थीं। नोटों की गिनती की गई तो 25 लाख रुपये निकले। रुपयों के अलावा बैग में कपड़े और बिना सिम कार्ड वाला एक मोबाइल फोन भी मिला है। जीआरपी के अधिकारियों का कहना है कि अभी तक कोई रुपयों का क्लेम करने नहीं पहुंचा है। नोटों की गड्डियों पर आईसीआईसीआई बैंक की मुहर लगी है।मामला मंगलवार रात करीब 11:20 का है। दिल्ली से चलकर तिरुवनंतपुरम जाने वाली केरला एक्सप्रेस ट्रेन संख्या-12626 आगरा कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक पर रुकी थी। ट्रेन में जीआरपी के कॉन्स्टेबल और टीटीई ने कोच नंबर बी2 के 25 नंबर बर्थ पर रखा हुआ एक बैग देखा। जिसके बारे में उन्होंने लोगों से पूछताछ की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद टीटीई ने जीआरपी पुलिस को जानकारी दी।
जीआरपी के सब इंस्पेक्टर सूचना मिलने पर पहुंच गए। उन्होंने बैग खोलकर देखा तो उसमें रुपये, कपड़े और मोबाइल फोन था। वे बैग को थाने ले आए। जहां वीडियोग्राफी के साथ बैग की तलाशी ली गई। बैग में 500-500 के नोटों के 5 बंडल निकले हैं। एक बंडल में 500-500 के नोटों की 10 गड्डियां हैं। बैग से मिले रुपये 25 लाख बताए गए हैं। इसके साथ ही कपड़े और बिना सिम कार्ड वाला एक मोबाइल फोन भी मिला है।
रेलवे ट्रेन में मिलने वाली बड़ी रकम की सूचना पुलिस सबसे पहले इनकम टैक्स को देती है। इनकम टैक्स करेंसी के बारे में जानकारी जुटाता है। अगर कोई क्लेम करने आता है तो उससे रुपयों के बारे में जानकारी ली जाती है। करीब 6 महीनों तक क्लेम करने वाले का इंतजार किया जाता है। अगर कोई क्लेम करने के लिए नहीं आता है तो ये रकम सरकारी मालखाने के नाम पर जमा हो जाती है।




