डिप्टी एसपी से सिपाही बने कृपा शंकर, प्रेमिका के चक्कर में हुआ डिमोशन

उन्नाव/उत्तर प्रदेश। उन्नाव से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। आपने पुलिस अधिकारी के प्रमोशन के बारे में सुना होगा लेकिन यहाँ एक पुलिसकर्मी का प्रमोशन के बजाय डिमोशन हो गया। उन्हें डिप्टी एसपी से कांस्टेबल बना दिया गया है। उन्नाव जिले में डीएसपी के पद पर तैनात कृपाशंकर कनौजिया होटल में महिला सिपाही के साथ पकड़े गए थे। डीएसपी जांच में दोषी पाए गए। शासन ने उनपर कार्रवाई करते हुए डिमोशन किया है। उन्हें सीओ से सिपाही बना दिया गया है। कृपाशंकर ने सिपाही से सीओ तक का सफर तय किया था। वहीं, उनके साथ पकड़ी गई महिला सिपाही अभी भी सस्पेंड चल रही हैं। जांच के दौरान सीओ 26वीं वाहिनी पीएसी गोरखपुर ट्रांसफर किया गया था।
इस घटना से पुलिस विभाग की छवि को गहरा धक्का लगा था। शासन ने इस मामले को संज्ञान में लिया था। डीएसपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए, उनका चार्ज वापस ले लिया गया था। उन्हें पुलिस कार्यालय से संबद्ध किया गया था। पुलिस विभाग मामले की जांच कर रहा था। पुलिस महानिदेशक ने सीओ को निलंबित करने की संस्तुति की थी। शासन की तरफ से निर्देश मिलते ही सस्पेंड कर दिया गया था। पिछले कुछ महीने से 26वीं वाहिनी पीएसी संबद्ध थे। जांच के बाद उन्हें 26वीं वाहिनी के एक दल में नियुक्त किया गया है।
उन्नाव जिले में तैनात सीओ एक महिला सिपाही के साथ होटल में रंगरलियां मना रहे थे। सीओ उन्नाव एसपी से छुट्टी लेकर घर के लिए निकले थे, लेकिन देर रात रात तक घर नहीं पहुंचे। पत्नी ने जब फोन लगाया तो सीयूजी और प्राइवेट नंबर स्विच ऑफ जा रहे थे। सीओ जब घर नहीं पहुंचे तो पत्नी ने एसपी उन्नाव को फोन कर अनहोनी की आशंका जताई थी। उन्नाव एसपी ने फौरन सर्विलांस की टीम को एक्टिव कर दिया था। इसके साथ ही पूरे सर्किल फोर्स को सीओ की तलाश में लगा दिया गया था। सर्विलांस की टीम को सीओ की लोकेशन कानपुर के मॉलरोड स्थित एक होटल की मिली थी। उन्नाव पुलिस ने सीओ को होटल में महिला सिपाही के साथ पाया था।
महिला सिपाही के साथ पहुंचे थे होटल
मूलरूप देवरिया जिले के रहने वाले कृपाशंकर सरोज उन्नाव के बीघापुर डीएसपी के पद पर तैनात थे। डीएसपी का उन्हीं के सर्किल के एक थाने में तैनात महिला सिपाही से दोस्ती थी। बीते 7 जुलाई 2021 को सीओ और महिला सिपाही छुट्टी लेकर निजी कार से कानपुर के मॉल रोड स्थित एक होटल पहुंचे थे। होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे के मुताबिक सीओ महिला सिपाही के साथ लगभग 5 बजे होटल में एंट्री की थी। दोनों ही पुलिसकर्मियों ने होटल में अपने-अपने आधार कार्ड की आईडी लगाई थी। रजिस्टर में अपने नाम दर्ज कराने के बाद रूम नंबर 201 में चले जाते थे।
पुलिस ने होटल मैनेजर शिव कुमार से सीओ के संबंध में जानकारी जुटाई थी। पुलिस को पता चला कि सीओ साहब किसी महिला के साथ होटल के कमरे में ठहरे हैं। पुलिसकर्मियों ने सीओ को मैसेज दिया कि परिवार से बात कर लें। इसके बाद पुलिसकर्मी डिटेल लेकर वापस लौट गए थे। सीओ ने पत्नी से वीडियो कॉल कर के बात की और बताया कि एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए कानपुर आया था। इसके बाद सीओ ने पूरी रात होटल में बिताई। अगले दिन सुबह सीओ ने महिला सिपाही के साथ चेकआउट कर लिया।




