युवती से सात महीने तक दुष्कर्म करता रहा दिल्ली पुलिस का सिपाही

नई दिल्ली। महिलाओं से संबंधित मामलों में त्वरित कार्रवाई करने का दावा करने वाली दिल्ली पुलिस एक युवती की शिकायत पर इसलिए मुकदमा दर्ज नहीं कर रही क्योंकि उसने दिल्ली पुलिस के सिपाही पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। सात माह पहले इंस्टाग्राम पर युवती से दोस्ती करने के बाद सिपाही ने उसे मालवीय नगर बुलाकर पहली बार हवस का शिकार बनाया। इस दौरान युवती का वीडियो भी बना लिया और उसके बाद उक्त वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर देने का डर दिखा सिपाही, युवती को ब्लैकमेल कर उसके साथ लगातार दुष्कर्म करता रहा।
सिपाही की करतूतों से तंग आकर युवती अब सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए पिछले 15 दिनों से कल्याणपुरी व मालवीय नगर थाने के चक्कर काट रही है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इस मामले को लेकर युवती मानसिक सदमे से जूझ रही है। पुलिस के मुताबिक 24 वर्षीय युवती कल्याणपुरी में अपनी बहन के साथ रहती है। उसके पिता की बीते फरवरी में मौत हो चुकी है, मां की पहले ही मौत हो चुकी है।
युवती पहले एकेडमी व निजी स्कूलों में स्वीमिंग कोच के तौर पर काम करती थी। कुछ माह पहले नौकरी छोड़कर वह सरकारी नौकरी के लिए पढ़ाई कर रही है। पिछले साल उसकी पश्चिम जिले में तैनात एक सिपाही से इंस्टाग्राम पर परिचय हुआ था। वह मूलरूप से पानीपत के हटवाला गांव का रहने वाला है। धीरे-धीरे दोनों में दोस्ती हो गई और उनका मिलना-जुलना शुरू हो गया।
पुलिस का कहना है कि नवंबर में सिपाही ने घूमने के बहाने युवती को मालवीय नगर बुलाया था। वहां उसने युवती को अपने चचेरे भाई के फ्लैट पर लेजाकर पहली बार शारीरिक संबंध बनाये और उसका वीडियो भी बना लिया था। बाद में उस वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर देने का भय दिखाकर सिपाही युवती को ब्लैकमेल कर हवस का शिकार बनाना शुरू कर दिया।
युवती ने जब सिपाही पर शादी करने के लिए दबाव बनाया तब वह उसकी बातों पर टाल मटोल करना शुरू कर दिया। तब युवती ने सिपाही के स्वजन का पता लगा उनसे मुलाकात कर शादी करने की बात रखी, लेकिन वहां से उसे कोई आश्वासन नहीं मिला। इसके बाद युवती ने सिपाही से दूरी बनाना बेहतर समझा, लेकिन सिपाही तब भी बाज नहीं आया और उसे धमकाकर दुष्कर्म करता रहा।
तंग आकर चार जून को युवती ने कल्याणपुरी थाने पहुंचकर सिपाही पर दुष्कर्म का आरोप लगा मुकदमा दर्ज करने के लिए लिखित शिकायत कर दी। थानाध्यक्ष ने उसकी शिकायत महिला सब इंस्पेक्टर के पास भेज दी। आरोप है कि महिला सब इंस्पेक्टर ने युवती को दोपहर डेढ़ बजे से रात नौ बजे तक पूछताछ के बहाने थाने में बैठाये रखा। उस दौरान सिपाही को थाने बुलाकर उससे बात की गई और फिर उसे वापस भेज दिया गया। देर रात युवती को मालवीय नगर थाने ले जाकर छोड़ दिया गया।
युवती से यह कहा गया कि उसके साथ मालवीय नगर इलाके में दुष्कर्म हुआ है। मालवीय नगर पुलिस ने सिपाही को बुलाकर कहा कि वह युवती से शादी कर ले। जिससे वह मुकदमे से बच सकेगा। अधिकारी के सुझाव पर सिपाही ने पांच जून को युवती को गाजियाबाद के कोर्ट में ले जाकर शादी कर ली और युवती को उसके कल्याणपुरी स्थित घर पर पहुंचा दिया।
युवती का आरोप है कि सिपाही ने मुकदमे से बचने के लिए उससे चुपचाप शादी की है, लेकिन वह उसे रखने को तैयार नहीं है। इस पर युवती ने बीते शनिवार को भी कल्याणपुरी थाने में सिपाही के खिलाफ शिकायत की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button