आजम खान की पत्नी तंजीन फातिमा रामपुर जेल से रिहा, सात माह बाद आईं बाहर

रामपुर/उत्तर प्रदेश। आजम खान की पत्नी तंजीन फातिमा रामपुर जेल से बुधवार दोपहर बाद रिहा हो गईं। उनको 24 मई को हाई कोर्ट से जमानत मिल गई थी। उनकी रिहाई के दौरान बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे। आजम खान की पत्नी सात माह बाद जेल से बाहर आई हैं।
आजम खान, पत्नी तंजीन और बेटे अब्दुल्लाह आजम खान को एमपी-एमएलए कोर्ट ने दो जन्म प्रमाणपत्र मामले में 18 अक्टूबर 2023 को सजा सुनाई थी। इस मामले में आजम खान को सात साल की सजा और 50 हजार रुपये जुर्माना अदा करने की सजा सुनाई थी। वहीं, पत्नी तंजीन फातिमा और बेटे अब्दुल्लाह आजम खान को सात-सात साल की सजा सुनाई थी। आजम खान इस समय सीतापुर जेल में बंद हैं। पत्नी तंजीन फातिमा रामपुर जेल और बेटा अब्दुल्लाह आजम खान हरदोई जेल में बंद था।
मंगलवार को तंजीन फातिमा की रिहाई का फरमान जेल पहुंचा, लेकिन तकनीकी कारणों से वह जेल से बाहर नहीं आ पाई थीं। दोबारा से बुधवार को फिर कागजात रामपुर जेल पहुंचे। इसके बाद तंजीन फातिमा की रिहाई हो पाई।




