घर में ही महिला की हत्या, शव के पास बैठा मिला भाई

गाज़ियाबाद। साहिबाबाद कोतवाली क्षेत्र के लाजपत नगर में शुक्रवार देर रात घर में ही एक महिला की हत्या हो गई। शव के पास मृतका का विज्ञानी भाई बैठा था। महिला की आंख, हाथ और गले पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस हत्यारोपित और हत्या कारणों का पता नहीं लगा सकी है। डॉ. किशोर कुमार नैय्यर साउथ अफ्रीका में विज्ञानी थे। वर्ष 2018 में वह नौकरी छोड़कर गाजियाबाद आ गए। वह अपनी अविवाहित बहन 39 वर्षीय गीता के साथ रहते थे। इनकी मां इंद्रा केरल में रहती हैं। दो भाई और हैं जो अलग-अलग स्थान पर रहते हैं।
गीता के घर से कुछ ही दूरी पर उसकी दूसरी बहन दीपा रहती है। आसपास के लोगों ने बताया कि आए दिन गीता और किशोर के बीच झगड़ा होता था। शुक्रवार देर शाम को गीता ने दीपा के पास फोन कर झगड़ा होने के बारे में बताया था। इसके बाद दीपा ने गीता के पास दोबारा फोन किया तो फोन नहीं उठा।
दीपा ने एक पड़ोसी को उनके घर भेजा। पड़ोसी जब उनके घर पहुंचा तो गीता का शव फर्श पर पड़ा था। किशोर कुमार बेड पर बैठे थे। इसकी सूचना पुलिस को 112 नंबर पर दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उनके घर से पुलिस को कोई हथियार नहीं मिला है। आशंका जताई जा रही है कि भाई ने ही बहन की हत्या की है। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है कि किसने महिला की हत्या की है। पुलिस का कहना है कि भाई मानसिक रूप से विक्षिप्त है। वह घटना के बारे में कुछ नहीं बता पा रहा है। जिस वजह अभी तक हत्या के बारे में पता नहीं चला है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही बता पाएगी कि हत्या कैसे की गई है।
नैनो विज्ञान अति सूक्ष्म मशीनें बनाने का विज्ञान है। वह मशीनें जो इंसान के जिस्म में उतर कर, उसकी धमनियों में जाकर आपरेशन कर सकें। नैनो का अर्थ ऐसे पदार्थ है जो अति सूक्ष्म आकार वाले तत्वों से बने होते हैं। पदार्थ में परमाणु, आणविक स्तर पर परिवर्तन किया जा सकता है।
इसी तकनीक पर किशोर अनुसंधान करता था। बाद में मानसिक विक्षिप्त होने के कारण उसे नौकरी छोड़नी पड़ी। तब से वह बहन के साथ ही रह रहा था। स्थानीय लोगों ने बताया कि गीता व किशोर में आए दिन झगड़ा होता था। 10 पहले अधिक झगड़ा होने पर गीता ने पुलिस भी बुलाई थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button