जिस कार ने मयूर विहार के बुध बाजार में मचाया था तांडव, उसका ड्राइवर निकला नाबालिग

नई दिल्ली। ईस्ट दिल्ली के मयूर विहार फेज-तीन में बुधवार रात वीकली मार्केट में जिस कैब ने कई लोगों को रौंदा था, उसे एक नाबालिग चला रहा था। इस हादसे में सीता देवी (22) की मौत हो गई थी। पब्लिक ने कार ड्राइव कर रहे 17 साल के लड़के को पकड़ लिया, जबकि कार में सवार दूसरा लड़का भाग गया। गाजीपुर थाना पुलिस ने लापरवाही से मौत के तहत केस दर्ज किया है, जिसमें आगे अन्य धाराएं जोड़ी जा सकती हैं। पुलिस ने कार मालिक और लड़कों को चाबी देने वाले की पहचान कर ली है, जिन्हें अरेस्ट किया जाएगा।
मृतका सीता मूलरूप से यूपी के लखीमपुर खीरी की रहने वाली थी। वो फिलहाल गाजियाबाद स्थित खोड़ा कॉलोनी में अपने भाई कपिल के घर पर रह रही थी। नोएडा में एक प्राइवेट कंपनी में जॉब करती थी। मृतका के भाई राजू ने बताया कि सीता बुधवार रात अपनी बहन शारदा के साथ वीकली मार्केट में सब्जी खरीदने गई थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उन्हें रौंद दिया। इस हादसे में शारदा बाल-बाल बच गईं।
परिवार ने सरकार से मुआवजे की मांग की है और आरोपी लड़के पर बालिग की तरह केस चलाने की गुहार लगाई है। जख्मी तनुजा, अन्नू कुमारी, मालती चौहान, मानसी, सरिता, दुर्जन सिंह, जमील और राज कुमार को देर रात इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। ये पूरा हादसा रात 9:30 बजे हुआ, जो एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। टक्कर मारने के बाद कार चला रहे लड़के ने बैक कर भागने की कोशिश की।
पब्लिक ने आगे रोक लिया। कार को बुरी तरह से तोड़ा और उलटा कर दिया गया। कार चला रहे लड़के की पिटाई की गई। पब्लिक ने काफी देर हंगामा किया, जिन्हें पुलिस ने समझा-बुझाकर शांत किया। डीसीपी (ईस्ट) अपूर्वा गुप्ता ने बताया कि शुरुआती जांच में कार मालिक और लड़कों को कार की चाबी देने वाले की पहचान हो गई है। कार में बैठे दोनों नाबालिगों के अलावा इन दोनों को भी मामले में आरोपी बनाया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button