सत्येंद्र जैन को जमानत मिलते ही कोर्ट रूम में छलके पत्नी-बेटी के आंसू

As soon as Satyendra Jain got bail, his wife and daughter shed tears in the court room

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन इस बार की दिवाली जेल में नहीं बल्कि अपने परिवार के बीच मनाएंगे। उन्हें राउज एवेन्यू की एक विशेष अदालत ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में शुक्रवार को जमानत दे दी। जैन को यह राहत मुकदमे में देरी और लंबे समय से जेल में होने के आधार पर मिली है। उन्हें भ्रष्टाचार से जुड़े सीबीआई मामले में 6 सितंबर, 2019 को ही नियमित जमानत मिल गई थी। जैन को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 30 मई, 2022 को कथित तौर पर उनसे जुड़ी चार कंपनियों के जरिए मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में गिरफ्तार किया था।
स्पेशल जज विशाल गोगने ने सत्येंद्र जैन को जमानत देते हुए कहा कि मुकदमे में देरी और 18 महीने की लंबी कैद को ध्यान में रखते हुए और इस तथ्य को ध्यान में रखते हुए कि फैसला सुनाना तो दूर, मुकदमा शुरू होने में ही काफी समय लगेगा, आरोपी राहत पाने का हकदार है। जज ने जमानत देने के साथ ही जैन के लिए रिहाई वॉरंट भी तुरंत ही जारी कर दिया। सत्येंद्र जैन को 50,000 रुपये के निजी मुचलके और इतनी ही राशि की दो जमानती देने पर यह राहत दी गई।
फैसला सुनते ही कोर्ट रूम में रो पड़ीं पत्नी-बेटी
स्पेशल जज का आदेश सुनते ही पूर्व मंत्री की पत्नी पूनम और बेटी श्रेया कोर्ट रूम के अंदर ही रो पड़ीं। बाद में मीडियाकर्मियों से बातचीत में श्रेया ने कहा कि परिवार के लिए दिवाली जल्दी आ गई है। उन्होंने कहा, हम हमेशा से जानते थे कि ऐसा होगा और यह केवल समय की बात है। हमें खुशी है कि अदालत ने हमें न्याय दिया। दिवाली नजदीक आ रही है और हमें लगता है कि इस साल यह हमारे लिए जल्दी आ गई है। हम खुश और उत्साहित हैं।
दूसरी तरफ, इन दो सालों के अनुभव को मीडिया के साथ साझा करते हुए जैन की पत्नी पूनम ने कहा, मन में विश्वास था कि सत्येंद्र ने अपने जीवन में कभी कुछ गलत नहीं किया है। इसी भरोसे के साथ मैं डट कर खड़ी रही। समय मुश्किल जरूर था, पर एक विश्वास था कि ईश्वर अच्छा ही करेगा। पूनम बोलीं, उन्होंने (जांच एजेंसियों ने) सच्चे और ईमानदार व्यक्ति को इस तरह से दो साल तक जेल में रखा। दुख होता है। पहले तो मिलकर बातें करेंगे। सेलिब्रेशन बाद में करेंगे।
राजनीति में सत्येंद्र जैन की वापसी से जुड़े सवाल के जवाब में वह बोलीं कि वह पॉलिटिशियन नहीं है। वह समाज सेवा के जज्बे से इसमें आए थे। वह आज भी कोई राजनेता नहीं हैं। वह समाज के लिए कुछ करना चाहते हैं। वह कहते हैं कि मुझे जो समाज ने दिया है, यह मेरा दायित्व बनता है कि वो मैं समाज को वापस करूं। ईडी ने भ्रष्टाचार रोकथाम अधिनियम के तहत 2017 में जैन के खिलाफ सीबीआई की एफआईआर के आधार पर दर्ज मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में 30 मई 2022 को उन्हें गिरफ्तार किया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button