उत्‍तराखंड में 10 दिनों तक बारिश नहीं, सूखी ठंड हड्डियों को कंपा रही है, केदारनाथ में माइनस 4 डिग्री

देहरादून/एजेंसी। उत्तराखंड में अगले 10 दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा। प्रदेश में पड़ रही सूखी ठंड लोगों के लिए परेशानी खड़ी कर रही है। मैदानी क्षेत्र में दिन और रात के तापमान में काफी अंतर दिखाई दे रहा है जिससे बुजुर्गों और बच्चों को मौसम की मार झेलनी पड़ रही है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह के मुताबिक उत्तराखंड में अगले 10 दिन तक बारिश की कोई असर नहीं है। आसमान साफ रहेगा और सुबह शाम के वक्त सर्द हवाएं चलने से ठंड में बढ़ोतरी होगी। हालांकि दिन का तापमान सामान्य दिनों की तरह रहेगा।
विक्रम सिंह ने बताया कि फिलहाल पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव उत्तराखंड में कम है जिसके कारण मौसम शुष्क है। हालांकि न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। जिससे सुबह-शाम ठंड बढ़ने के आसार हैं। वहीं सुबह-शाम पड़ रही सूखी ठंड अब बच्चों और बुजुर्गों की सेहत पर भी असर डाल रही है।
मंगलवार को देहरादून में अधिकतम अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13.5, पंतनगर में 30.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 13.4 डिग्री सेल्सियस रहा। मसूरी में अधिकतम तापमान 21.2 और न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस, टिहरी में अधिकतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं, केदारनाथ धाम में अक्टूबर महीने में हो रही बर्फबारी ने तापमान माइनस 4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा दिया है। यहां गिरते तापमान का असर प्रधानमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट के तहत हो रहे पुनर्निर्माण कार्यों पर भी पड़ रहा है। यदि इसी तरह से बर्फबारी होती रही तो निर्माण कार्य को जारी रखना चुनौतीपूर्ण हो जाएगा।
वर्ष 2013 की आपदा के बाद से केदारपुर को नए सिरे से बसाया जा रहा है। यहां पर तीन चरणों में पुनर्निर्माण कार्य किया जा रहा है वर्तमान में आदित्य चरण के कार्य किए जा रहे हैं जिसका लगभग 60% काम पूरा हो गया है। वैसे तो दिसंबर मध्य या अंतिम सप्ताह में बर्फबारी के चलते निर्माण कार्य पर असर पड़ रहा था लेकिन इस बार अक्टूबर महीने से ही पड़ी बर्फ ने काम करने वाले मजदूरों और निर्माण एजेंसियों पर भी असर डाला है।
यदि बर्फबारी इसी तरह से होती रही तो आगामी नवंबर महीने में ही धाम में काफी बर्फ जम जाएगी और पुनर्निर्माण कार्य जारी रखना भी काफी मुश्किल हो जाएगा। इससे निर्माण कार्य तय समय पर होने को लेकर भी संशय हो जाएगा।
केदारपुरी में इस समय चल रहे द्वितीय चरण के कार्य की लागत 180 करोड़ है। जिसके तहत बद्री केदार मंदिर समिति का भवन निर्माण, हाट बाजार का निर्माण, सरस्वती नदी पर पुल और मुख्य पुजारी का आवास निर्माण, पैदल मार्ग पर रेन शेल्टर निर्माण, चिकित्सालय भवन निर्माण, म्यूजियम निर्माण, वाटर एटीएम का निर्माण सहित कई कार्य हो रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button