दिल्ली के सब्जी मंडी में मकान की सीढ़ियां गिरीं,दमकल ने सभी को सुरक्षित निकाला

उत्तरी दिल्ली के सब्जी मंडी इलाके में एक दो मंजिला मकान की सीढ़ियां गिरने से दूसरी मंजिल पर कई लोग फंस गए। दमकल विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बाहर से सीढ़ी लगाकर सभी फंसे हुए लोगों और एक पालतू कुत्ते को सुरक्षित बाहर निकाला।

नई दिल्ली। उत्तरी जिले के सब्जी मंडी इलाके में बृहस्पतिवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब तिलक चौक स्थित एक दो मंजिला जर्जर मकान की पहली मंजिल की सीढ़ियां अचानक भरभराकर गिर गईं। हादसे के समय दूसरी मंजिल पर मौजूद कई लोग फंस गए, जिससे घर के भीतर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब डेढ़ बजे तेज आवाज के साथ सीढ़ियां ढह गईं, जिससे घर में मौजूद महिलाएं और बच्चे घबरा गए।
संकरी गलियों और भीड़भाड़ के बावजूद दमकलकर्मियों ने तत्परता से मोर्चा संभाला। सीढ़ियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण टीम ने बाहर से सीढ़ी लगाकर दूसरी मंजिल तक पहुंच बनाई। ऊपर फंसे लोगों को समझा-बुझाकर एक-एक कर सुरक्षित नीचे उतारा गया।
रेस्क्यू अभियान के दौरान मानसी, उनकी बेटी अंजलि, दिव्यांग महिला कविता, उनकी बेटी पायल और पांच महीने के मासूम नीरू को सकुशल बाहर निकाला गया। इसके अलावा घर में फंसे एक पालतू कुत्ते को भी सुरक्षित बचा लिया गया।
दमकल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई और समन्वित प्रयासों के चलते सभी लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया। प्रारंभिक जांच में मकान के करीब 40-50 साल पुराना और जर्जर होने की बात सामने आई है। घटना के बाद मकान की स्थिति की विस्तृत जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button