दहशत में दिल्ली के कारोबारी, लॉरेंस, गोल्डी और नंदू के नाम से आ रहे हैं एक्सटॉर्शन कॉल

नई दिल्ली। सिंगर हनी सिंह समेत दिल्ली के कई कारोबारियों के पास जबरन वसूली के कॉल आए हैं। जेल में बंद खूंखार गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई, विदेश में बैठे गोल्डी बराड़ और फरार गैंगस्टर कपिल सांगवान उर्फ नंदू के नाम से ये कॉल किए गए हैं। कारोबारियों से 2 करोड़ से 10 करोड़ तक की डिमांड की गई है। रकम नहीं मिलने पर उन्हें बच्चों से हाथ धोने की धमकी दी गई है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल समेत कई थानों की पुलिस इन केसों की जांच कर रही है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि हनी सिंह के मामले में स्पेशल सेल जांच कर रही है। इसके अलावा पश्चिम विहार वेस्ट, पंजाबी बाग, कोतवाली, मौर्या एनक्लेव और अमर कॉलोनी थाना इलाकों में रहने वाले कारोबारियों को ये कॉल आए हैं। कई बिजनेसमैन ने गैंगस्टरों का नाम सुनते ही दहशत में आकर कॉल डिस्कनेक्ट कर दिए। आरोपियों ने फिर वॉयस मेसेज भेजकर धमकी दी। 60 साल के एक कारोबारी ने पुलिस को बताया कि 18 जून की सुबह 11:07 बजे उनके पास वॉट्सऐप कॉल आई। कॉलर ने बताया कि वो लॉरेंस बिश्नोई गैंग से बोल रहा है। कारोबारी का कहना है कि वो बुरी तरह घबरा गए और तुरंत कॉल डिस्कनेक्ट कर दिया।
इसके बाद 20 जून की सुबह करीब 8:42 बजे उसी नंबर से एक वॉयस मेसेज आया। रिकॉर्डिंग में कहा गया था, ‘फोन न चुकन ते बात नहीं बनुगी। पैसे दो और जान छुड़ाओ, नहीं तो दोनों बेटों को खो दोगे।’ अगले दिन फिर से सुबह 7:47 बजे वॉट्सऐप कॉल आई और 5 करोड़ की डिमांड की गई। इसके बाद 22 जून को ही 11:07 बजे एक दूसरे नंबर से कॉल आई, जिसमें कॉलर ने खुद को गोल्डी बराड़ बताते हुए दो करोड़ रुपये तैयार रखने की हिदायत दी। इसने दो दिन का टाइम दिया और पैसे का जुगाड़ नहीं करने पर अपना एक्शन शुरू करने की धमकी दी। इससे कारोबारी दहशत में आ गए और परिवार सहित स्थानीय थाने में जाकर शिकायत दी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि इसी तरह की धमकियां सभी कारोबारियों को लगातार आ रही हैं। ये सभी कॉल विदेशी नंबरों से आ रहे हैं, जिनमें कॉलर खुद को गोल्डी बराड़ और कपिल सांगवान उर्फ नंदू बता रहे हैं। लॉरेंस बिश्नोई सिंडिकेट से जुड़े ये दोनों गैंगस्टर फिलहाल विदेश में ही हैं, जो खुलकर दिल्ली समेत कई राज्यों में वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button