गजब! लखीमपुर खीरी में भालू बनकर घूम रहे किसान… इंसान से लेकर जानवरों में दहशत

लखीमपुर,(उत्तर प्रदेश)। लखीमपुर जनपद में कई गांवों के किसान बंदरों से परेशान हैं। बंदर फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। लोगों पर भी हमलावर हो रहे हैं। उत्पाती बंदरों से निजात पाने के लिए यहां के किसानों ने अनोखा तरीका अपनाया है। ग्रामीण भालू बनकर खेतों में घूम रहे हैं। बाहर से आने वाले लोग भी भालू बने ग्रामीणों को देख कर डर जाते हैं। जब भालू बनने की वजह पता लगती है तो हैरान रह जाते हैं।
दरअसल, तहसील मितौली के गांव ढखौरा समेत आसपास के गांवों में बंदरों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि ग्रामीणों ने अपनी फसल रखवाली के लिए भालू की ड्रेस पहन कर फसलें बचाने का तरीका ईजाद किया है। किसानों का यह रूप देखकर बंदर और अन्य जानवर भाग रहे हैं।
मितौली तहसील के ढखौरा गांव बाईकुआं, चपरताला, हैरमखेड़ा, रहजनियां, फरिया, पिपरिया आदि दर्जनों गांव में बंदरों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि यहां पर किसानों की फसलें गन्ना, आम, सब्जी व मूंगफली की फसल सभी को बंदर नष्ट कर रहे हैं। इससे आजिज जाकर किसानों ने एक जुगाड़ निकाला और भालू की ड्रेस लेकर आए जिसको पहनकर बारी-बारी से किसान खेतों में घूमते रहते हैं जिसको देखकर बंदर डर कर भाग जाते हैं।
किसान नरेंद्र सिंह ने बताया कि उत्पाती बंदर सब्जियों को तोड़ कर खा जाते हैं। इन्हें भगाने के लिए गांव के लोगों ने भालू की ड्रेस खरीदी है। बारी बारी से भालू की ड्रेस पहनकर फसलों की रखवाली करते हैं। लवलेश सिंह ने कहा कि इलाके में अचानक से सैकड़ों बंदर आ गए हैं, जिससे ग्रामीण परेशान हैं। उन्हें भगाने के लिए ग्रामीणों को मजबूरन भालू बनना पड़ रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button