दिल्ली मेट्रो के सुपरवाइजर ने पत्नी और बेटी को मारकर किया सुसाइड, बेटा हॉस्पिटल में भर्ती

नई दिल्ली। दिल्ली के शाहदरा इलाके से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। दिल्ली की ज्योति कॉलोनी में मंगलवार को दिल्ली मेट्रो के कर्मचारी ने कथित तौर पर पत्नी और बेटी की हत्या करने के बाद आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह मंगलवार को जानकारी दी। पुलिस के एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे पुलिस कंट्रोल रूम (पीसीआर) पर फोन आया। कॉलर दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन का एक कर्मचारी था। कॉलर ने बताया कि उसने काम पर नहीं आए अपने सहकर्मी सुशील कुमार (43) को फोन किया तो कुमार ने फोन पर ही रोते हुए बताया कि उसने सबको जान से मार डाला। इस कॉल के बाद पुलिस सुशील के घर पहुंची तो उन्हें वहां तीन शव मिले। पुलिस डिप्टी कमिश्नर (शाहदरा) रोहित मीणा ने बताया कि सुशील का शव पंखे से लटका हुआ मिला जबकि उनकी पत्नी अनुराधा (43) और 6 साल की बेटी के शवों पर चाकू के वार के निशान थे। पुलिस ने बताया कि सुशील ने 13 वर्षीय बेटे पर भी चाकू से वार किया था और बच्चा हमले में घायल हो गया। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है और उसकी हालत क्रिटिकल बताई जा रही है।
पुलिस ने बताया कि सुशील ईस्ट विनोद नगर में डीएमआरसी में मेंटेनेंस सुपरवाइजर के तौर पर काम करता था। पुलिस ने यह भी जानकारी दी है कि परिवार की हत्या करने और सूइसाइड करने से पहले उसने इंटरनेट पर सर्च किया था कि फांसी के फंदे में गांठ कैसे लगाते हैं। डीसीपी ने कहा कि फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम घटनास्थल पर जांच कर रही है। शुरुआती जांच से लग रहा है है कि सुशील ने अपनी पत्नी और बेटी की हत्या करने के बाद आत्महत्या की है। अभी जांच जारी है।
वारदात के बाद बताया जा रहा है कि सुशील के पास उसके दोस्त का फोन आया था। उसने पूछा कि ड्यूटी पर क्यों नहीं आए। तब उसने बताया कि उसने परिवार की हत्या कर दी है और अब वह सुसाइड करने करने जा रह है। इसके बाद उसके दोस्त ने पुलिस को सूचना दी जिसके बाद मौके पर पुलिस पहुंची। दिल्ली पुलिस को पीसीआर कॉल करीब दोपहर 12 बजे मिली। मौके पर पहुंची पुलिस इस मामले की कई एंगल से जांच कर रही है। पुलिस गली में रहने वाले लोगों से भी पूछताछ कर रही है। शाहदरा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है।




