गाजियाबाद में बिजली कटौती से हाहाकार, फाल्ट से 500 से ज्यादा घरों के फुंके उपकरण
भीषण गर्मी में गाजियाबाद के ट्रांस हिंडन इलाकों में बिजली कटौती, फाल्ट और लो-वोल्टेज से लोग परेशान हैं। पिछले दो दिनों में 500 से अधिक घरों के एसी, कूलर जैसे उपकरण फुंक गए, जिससे लाखों का नुकसान हुआ है।

गाजियाबाद। एक तरफ लोगों के भीषण गर्मी में बिजली कटौती से पसीने छूट रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर लोगों के घरों फाल्ट, बार-बार बिजली कटौती व लो-वोल्टेज के कारण लोगों के घरों के उपकरण भी फुंक रहें हैं। इंद्रप्रस्थ कॉलोनी, डिफेंस कॉलोनी, कृष्णा विहार कुटी समेत जिले की 10 से अधिक कालोनियों में बीते दो दिन में 500 से अधिक घरों के विद्युत उपकरण फुंक गए। इससे लोगों का लाखों का नुकसान हुआ है।
जिले के टीला मोड, वैशाली, वसुंधरा, इंदिरापुरम, कौशांबी, राजेंद्र नगर, लाजपत नगर, डीएलफ, लोनी, खोड़ा, विजय नगर, गोविंदपुरम, मधुबन बापूधाम समेत कोई भी क्षेत्र ऐसा नहीं हो जो अंधाधुंध बिजली कटौती से न जूझ रहा हो। अब सबसे बड़ी समस्या लोगों के घरों के विद्युत उपकरण फुंकने से बन गई है। इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में बीते दो दिन में 150 से अधिक घरों के एसी, कूलर, पंखे, एलईडी समेत विभिन्न उपकरण फुंक गए हैं।
लोगों ने उपकरणों के फोटो अपनी कॉलोनी के वॉट्सएप ग्रुप में शेयर कर विद्युत निगम पर तंज कसते हुए कि जब घरों के उपकरण ही फुंक गए तो अब बिजली की जरूरत नहीं है। राजेंद्र कुमार ने कहा कि घर में एक पंखा व कूलर था, दोनों ही फुंक गए। अब बिजली नहीं भी आएगी तो कोई दिक्कत नहीं है। उन्होंने बताया कि शिकायतों के बाद भी विद्युत निगम न तो लोगों की समस्या सुन रहा है और न ही परेशानी देख रहा है। अधिकारियों ने आंख और कान दोनों बंद कर रखे हैं।
200 से अधिक घरों के डिफेंस कॉलोनी में फुंके उपकरण
भोपुरा की डिफेंस कॉलोनी के लोग भी बीते कई दिन से फाल्टों के कारण अंधाधुंध बिजली कटौती से जूझ रहे हैं। लगातार फाल्ट होने के कारण कॉलोनी के करीब 200 से अधिक घरों के उपकरण फुंक गए हैं। यहां के लोगों का भी लाखों का नुकसान हुआ है। अब लोग काम छोड़कर उपकरणों को ठीक कराने में जुटे हैं।
विधायक से लगाई गुहार, लोग बोले-बच्चे व बुजुर्ग हो रहे बीमार
इंद्रप्रस्थ कॉलोनी के लोगों ने विधायक नंद किशोर गुर्जर को पत्र लिखकर शिकायत करते हुए बिजली कटौती से राहत दिलाने की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि तापमान 46 डिग्री तक पहुंच गया है। बिजली 24 घंटे में से महज 10 से 12 घंटे ही मिल रही है। घर के बच्चे व बुजुर्ग बीमार हो रहे हैं।




