गाजियाबाद में एडीएम की दबंगई: पत्नी से बदसलूकी के बाद युवकों को साथ ले जाकर सेल्समैन को पीटा

गाजियाबाद। नगर कोतवाली क्षेत्र के तुरब नगर मार्केट में एक एडीएम के साथ आए दो युवकों ने दुकान में दो सेल्समैन की पिटाई कर दी। युवकों ने दोनों को कई थप्पड़ मारे। मारपीट का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले में कोई शिकायत नहीं मिली है। वायरल वीडियो के आधार पर जांच की जा रही है।
पुलिस ने पूछताछ के लिए दोनों सेल्समैन को हिरासत में लिया। बाद में एडीएम के कहने पर पुलिस ने दोनों को छोड़ दिया। बुधवार को एडीएम अपने दो साथियों के साथ दुकान पर पहुंचे और सेल्समैन की पिटाई के साथ दुकानदार को भी हड़का दिया।
सेल्समैन के नाम साजन और आशु हैं। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि एडीएम काउंटर पर खड़े रहे और उनके साथ आए युवकों ने दोनों सेल्समैन का कालर पकड़कर थप्पड़ मारने शुरू कर दिए। एसीपी कोतवाली सुजीत कुमार राय का कहना है कि मामले में अभी किसी भी पक्ष की तरफ से कोई तहरीर या सूचना नहीं मिली है। वायरल हो रहे वीडियो पर संज्ञान लेकर जांच कराई जा रही है।




