दयालपुर थाना पुलिस ने ऑन डिमांड बाइक चोर गैंग का किया भंडाफोड़

नई दिल्ली। दयालपुर थाना पुलिस ने एक ऐसे गैंग का खुलासा किया है जो बाइक चोरी करने के बाद सोशल मीडिया पर विज्ञापन देकर उनको बेच देते थे। पुलिस ने इस संबंध में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान लुधियाना, पंजाब निवासी रंजीत सिंह (26), रोहित उर्फ ब्रहमजीत (27) और गांव राजमऊ, अलीगढ़, यूपी निवासी अमित चौधरी (27) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से पांच बुलेट समेत सात बाइक बरामद की है। पुलिस ने ये सभी बाइक पंजाब, यूपी और दिल्ली से बरामद की हैं।
जांच के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि यह लोग ऑन डिमांड भी चोरी करते थे। बाइक चोरी करने के बाद यह उसकी नंबर प्लेट बदलकर सोशल मीडिया के जरिए अच्छे दामों पर बेच देते थे। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। डीसीपी डॉ. जॉय टिर्की ने बताया कि 20 नवंबर को दयालपुर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग चोरी के वाहन के साथ दयालपुर आने वाले हैं।
सूचना को पुख्ता कर पुलिस ने बाइक सवार रंजीत और रोहित को दबोच लिया। जांच के दौरान बाइक दयालपुर इलाके से चोरी मिली। दोनों आरोपियों की निशानदेही पर दो बुलेट बाइक मुस्तफाबाद, दिल्ली, दो बुलेट लुधियाना पंजाब से बरामद की गई। बाद में पुलिस ने दोनों से पूछताछ के बाद अलीगढ़ से अमित को दबोच लिया। इसके पास से एक बुलेट समेत दो बाइक बरामद की। पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।




