ये है रियल वैलेंटाइन! शादी के 2 महीने बाद पत्नी की दोनों किडनी फेल, मायके वाले ने छोड़ा साथ तो पति ने दी नई जिंदगी

धनबाद,(झारखंड)। वैलेंटाइन डे पर देश दुनिया में प्यार मोहब्बत की बातें हो रही हैं। प्यार के केस में पाने से ज्यादा त्याग को तवज्जो दी गई है। आज हम पति-पत्नी के प्यार की एक ऐसी कहानी बता रहे हैं जिसको जानकार आपके दिल से एक ही बात निकलेगी ‘ये हैं सच्चे वेलेंटाइन’। यह खास प्रेम कहानी झारखंड के धनबाद के रहने वाले इंद्रपाल सिंह और उनकी वाइफ सतबिन्दर कौर की है। इंद्रपाल की शादी नवंबर 2018 में हुई। पत्नी के हाथों से अभी मेहंदी का रंग उतरा भी नहीं था। शादी के कुछ ही दिन बाद जानकारी मिली कि पत्नी सतबिन्दर कौर की दोनों किडनियां खराब है। लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। अपनी किडनी डोनेट कर पत्नी को नई जिन्दगी दी है।
किडनी फेल होने के पहले पत्नी सतबिन्दर कौर भी एक प्राईवेट बैंक में काम करती थी। लेकिन बीमारी की वजह से उनकी नौकरी छूट गई। जबकि पति भी पत्नी की इलाज को लेकर लगातार विभिन्न शहरों का चक्कर लगाते रहे। इस कारण प्राईवेट कंपनी में नौकरी करने के कारण उनकी भी नौकरी छोड़ देनी पड़ी। इसके बावजूद बचत के कुछ पैसे और पीएफ की राशि निकाल कर किडनी ट्रांसप्लांट कराने में सफलता हासिल की। सतबिन्दर कौर के मायके वालों ने भले ही अपनी बेटी का साथ छोड़ दिया, लेकिन ससुराल वालों ने बड़ी मदद की। इंद्रपाल के पिता बीसीसीएल में काम करते थे, उन्होंने भी सहायता की। जबकि बीमा कंपनियों से मिली सहायता से किडनी ट्रांसप्लांट सफल रहा। इस पूरे प्रकरण में पत्नी के ससुराल वालों ने मायके का फर्ज निभाया
पत्नी की किडनी खराब होने की सूचना मिलने के बाद पति इंद्रपाल को थोड़ी मायूसी जरूर हुई, लेकिन घर में खाना बनाने से लेकर अस्पताल में पत्नी का पूरा ख्याल रखा। जबकि इस पूरे प्रकरण में पत्नी के पिता और भाई ने एक भी अपनी बेटी-बहन का हाल जानने की कोशिश नहीं की।
पति इंद्रपाल ने किडनी देने का फैसला ले लिया। ब्लड ग्रुप और डीएनए अलग रहने के बावजूद हाई रिस्क लेते हुए पांच महीने पहले किडनी ट्रांसप्लांट सफल रहा। दोनों अभी पूरी तरह से स्वस्थ है और उनकी किसी तरह की कोई परेशानी नहीं है।



