ऑस्ट्रेलिया में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, छह आरोपी गिरफ्तार

गाजियाबाद ब्यूरो। साइबर सेल टीम ने ऑस्ट्रेलिया की नामी कंपनी में नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगारों से ठगी करने वाले फर्जी कॉल सेंटर गिरोह का भंडाफोड़ किया। पुलिस टीम ने बुधवार को शालीमार गार्डन से गिरोह के छह लोगों को गिरफ्तार किया। गिरोह नोएडा, गुरुग्राम समेत दिल्ली एनसीआर में होटल व कमरा किराये पर लेकर कार्यालय बनाकर सक्रिय था। पुलिस ने आरोपियों के पास से नौ मोबाइल, पांच डाटाशीट, एक कार बरामद की। गिरोह हजारों लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी कर चुका है। जबकि गिरोह का एक कथित सरगना विनय निवासी बिहार फरार है।
डीसीपी ट्रांस हिंडन डॉ. दीक्षा शर्मा ने बताया कि साइबर सेल टीम ने शालीमार गार्डन में एक फर्जी कॉल सेंटर पर छापा मारा था। आरोपी बेरोजगार और नौकरी की तलाश कर रहे लोगों को विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर शिकार बनाते थे। प्रोसेसिंग शुल्क और पंजीकरण शुल्क के नाम पर रकम ऐंठकर नंबर बंद कर देते थे। क्रासिंग रिपब्लिक और थाना साहिबाबाद में शिकायत दर्ज कराने पर पुलिस ने संज्ञान लिया। साइबर सेल व साहिबाबाद थाना पुलिस की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की। साइबर सेल प्रभारी अनिल यादव ने बताया कि साइबर सेल टीम ने तकनीक व मुखबिर की सूचना पर शालीमार गार्डन में आरोपियों के पास पहुंची थी।




