मरघट वाले बाबा मेरे बोलने से पहले ही बहुत कुछ दे देते हैं : सीएम रेखा गुप्ता
The Baba of the crematorium gives me a lot of information even before I speak: CM Rekha Gupta

नई दिल्ली। श्री हनुमान जन्मोत्सव का भव्य आयोजन श्री मरघट वाले बाबा हनुमान मंदिर (यमुना बाजार, दिल्ली) के पीछे स्थित कथा कुंज में भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। इस विशेष अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने बाबा को धन्यवाद देते हुए कहा, “मरघट वाले बाबा मेरे बोलने से पहले ही मुझे बहुत कुछ दे देते हैं। उन्होंने ही मुझे इस कुर्सी पर बैठाया है। मेरे पिताजी भी बाबा के दर्शन करने आते थे और अब मैं भी उसी आस्था से यहां आती हूं।”
मुख्यमंत्री को समस्त हनुमान भक्त सेवा समिति (पंजीकृत) के अध्यक्ष श्री संजय गर्ग द्वारा श्री हनुमान जी की भव्य मूर्ति भेंट की गई। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसे जाने-माने समाजसेवी श्री राम अवतार गर्ग ने संपन्न किया।
भजन संध्या का आयोजन श्री महंत वरुण शर्मा जी के सानिध्य में किया गया। भक्ति रस से सराबोर इस संध्या में प्रसिद्ध भजन गायक श्री लखबीर सिंह लक्खा, श्री कन्हैया मित्तल तथा कोलकाता से आए शुभम-रूपम की जोड़ी ने अपनी भक्ति-पूर्ण प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। श्रद्धा, भक्ति और संगीत से परिपूर्ण यह आयोजन श्रद्धालुओं के लिए एक दुर्लभ आध्यात्मिक अनुभव बन गया, जिसमें संतों का सानिध्य और भजनों की मधुरता ने वातावरण को संपूर्ण रूप से भक्तिमय कर दिया।




