आजमगढ़ में एक ही जगह चंद घंटों में दो हादसे, बस पुलिया में घुसी; 13 घायल
यूपी के आजमगढ़ में दो हादसे हो गए। यह हादसे एक ही जगह पर चंद घंटे में हुए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां घायलों का इलाज चल रहा है।

आजमगढ़,उत्तर प्रदेश। आजमगढ़-जौनपुर सीमा के पास निर्माणाधीन फोरलेन पर रघुवंशी होटल के सामने शनिवार रात चंद घंटों के अंतराल में दो सड़क हादसे हो गए। पहले हादसे में आजमगढ़ से वाराणसी जा रही एक बस अनियंत्रित होकर निर्माणाधीन फोरलेन की पुलिया में जा घुसी। बस में सवार 21 यात्रियों में से 13 घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। वहीं, रविवार सुबह इसी स्थान पर एक कार भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। हालांकि कार सवार सुरक्षित बच गए।
पहला हादसा शनिवार रात करीब 11:51 बजे चंदवक थाना क्षेत्र के बरडीहा मोड़ पर रघुवंशी होटल के सामने हुआ। बताया गया कि आजमगढ़ से वाराणसी जा रही बस निर्माणाधीन फोरलेन की पुलिया के पास पहुंची, तभी वह अनियंत्रित होकर निर्माणाधीन हिस्से में जा घुसी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल लालगंज स्थित संयुक्त सौ शैय्या चिकित्सालय पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद छह घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया।
गंभीर रूप से घायल महेश यादव, शिवपूजन निषाद, रीता, परमा देवी, राम बच्चन और रामप्यारे को हायर सेंटर भेजा गया। वहीं गुड्डी यादव, गुड़िया यादव, सोनम यादव, सुदामा यादव, बस चालक राम मिलन यादव, सुक्खू यादव और मंगल यादव का संयुक्त सौ शैय्या चिकित्सालय लालगंज में उपचार जारी बताया गया है। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तत्काल राहत एवं उपचार की व्यवस्था कराई।
पहले हादसे के कुछ ही घंटे बाद रविवार सुबह करीब 5:13 बजे उसी स्थान पर एक कार भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। राहत की बात रही कि कार सवारों को गंभीर चोट नहीं आई।
एक ही स्थान पर कुछ घंटों के भीतर बस और कार के हादसों से निर्माणाधीन फोरलेन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठे हैं। खासकर रात के समय निर्माणाधीन हिस्से के आसपास पर्याप्त संकेतक, बैरिकेडिंग और चेतावनी व्यवस्था की स्थिति हादसों की रोकथाम के लिहाज से जांच का विषय बन गई है।




