नोएडा में सर्दी बढ़ी तो रैन बसेरे फुल, राहगीर संग बेसहारा लोग ले रहे सहारा

ग्रेटर नोएडा। एनसीआर में ठंड का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। जिला प्रशासन के आदेश पर संबंधित कार्यदायी संस्थाओं ने जगह-जगह रैन बसेरा बना दिए हैं। ठंड बढ़ते ही राहगीरों संग बेसहरा लोगों ने भी रैन बसेरो में आश्रय लेना शुरू कर दिया है। पिछले तीन दिनों में रैन बसेरों में आश्रित लोगों की संख्या में लगातार इजाफा हुआ है। रोजाना 20 से 25 लोग रैन बसेरों में आकर अपनी रात गुजार रहे हैं। दरअसल शहर औद्योगिक इकाई के साथ शिक्षा का हब है।
लोग रोजगार की तलाश में अन्य राज्यों से भी यहां आते हैं। ऐसे लोग रैन बसेरा में रहकर अपनी रात काट रहे हैं। डेल्टा स्थित सामुदायिक केंद्र में बनाए गए रैन बसेरा के केयरटेकर ने बताया कि रोजाना लोग रात में 10 बजे आना शुरू कर देते हैं और सुबह आठ बजे से पहले सब चले जाते हैं।
तीन दिन पहले जिलाधिकारी ने शहर में बने रैन बसेरों का औचक निरीक्षण किया था। जिसमें कुछ खामियां भी मिली। जिलाधिकारी के निर्देश पर रैन बसेरों में खामियों को दुरुस्त कर दिया गया है। दरअसल प्राधिकरण के जिम्मेदार कर्मचारियों ने रात्रि विश्राम करने वाले लोगों के लिए रैन बसेरों में बिस्तर जमीन पर ही बिछवा दिए थे। जिस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए तत्काल चारपाई की व्यवस्था करने के निर्देश दिए थे। जिसके बाद रैन बसेरों में चारपाई की व्यवस्था कर दी गई है।
जिलाधिकारी के औचक निरीक्षण के बाद प्रशासनिक अमला रैन बसेरों में पहुंचकर सुविधाओं की बारीकी से जांच कर रहा है। रैन बसेरों में साफ-सफाई जांचने के लिए एक-एक कोने का मुआयना किया जा रहा है। एक्टिव सिटीजन टीम के सदस्य हरेंद्र भाटी ने बताया कि अधिकारियों द्वारा बिस्तर की साफ-सफाई, बिजली की वायरिंग, प्रकाश व्यवस्था , शुद्ध पेयजल की उपलब्धता और शौचालयों की स्थिति को देखा जा रहा है। असहाय व गरीब लोगों को ठंड से बचाव को प्रशासन व प्राधिकरण के साथ समाजसेवियों संग सेक्टरवासी भी आगे आ गए हैं। लोग अपने घरों ने चाय व नाश्ता तैयार कर रैन बसेरों में पहुंचा रहे हैं।

Noida khabar (61)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button