गंगाजल में गंदा पानी आने से परेशान, नाले में उतरकर बुजुर्ग ने मांगी इच्छामृत्यु

गाजियाबाद। बृज विहार में गंगाजल में गंदा पानी आने से परेशान 62 वर्षीय सेवानिवृत्त इंजीनियर ने रविवार को गंदे नाले में उतरकर इच्छामृत्यु मांगी। जब नाले में पानी उनकी गर्दन तक आया तो लोगों ने उनसे बाहर निकलने की अपील की। एक घंटा नाले में रहने के बाद वह बाहर निकले। यहां पिछले चार साल से गंदे पानी की समस्या बनी है। बृज विहार नाले के अंदर से होकर गंगाजल लाइन जा रही है। यह लाइन करीब 40 साल पुरानी व जर्जर हो चुकी है। जगह-जगह लीकेज है। इससे आपूर्ति के दौरान गंगाजल लाइन में नाले का पानी मिलकर आता है।

इस लाइन से 35 हजार की आबादी प्रभावित है। यहां रहने वाले लोगों ने चार साल से गंगाजल का प्रयोग नहीं किया है। बृज विहार के हेमंत भारद्वाज रविवार सुबह नाले में उतर गए। उन्होंने हाथ में बैनर लेकर इच्छामृत्यु मांगी। हेमंत ने बताया कि चार साल से लोग बोतलबंद पानी खरीदकर पी रहे हैं। यह पानी भी पूरी तरह शुद्ध नहीं है। वह हर माह नाले में उतरकर इच्छामृत्यु की मांग करते हैं। जलकल विभाग के अवर अभियंता सोमेंद्र तोमर ने बताया कि लाइन बदलवाने का टेंडर हो चुका है। जल्द ही काम शुरू किया जाएगा। एक घंटे तक नाले में रहने के बाद निकले बाहर, लंबे समय से गंगाजल में मिलकर आ रहा नाले के गंदा पानी से हैं परेशान

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button