27 अगस्त को गाजियाबाद में रहेंगे सीएम योगी आदित्यनाथ,करेंगे कामों की समीक्षा

गाजियाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गाजियाबाद में आगमन को लेकर चल रहा कयासों का दौर खत्म हो गया है। मुख्यमंत्री दो दिवसीय दौरे पर मेरठ, हापुड़, गाजियाबाद, बुलंदशहर आ रहे हैं। 26 अगस्त को मेरठ में मंडलीय समीक्षा बैठक कर और हापुड़ में जनसभा को संबोधित कर वह देर शाम को गाजियाबाद पहुंचेंगे। यहां पर गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम कर वह 27 अगस्त की सुबह जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक और जनपद के अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों की प्रगति के बारे में जानकारी लेंगे। इस दौरान तीन परियोजनाओं का निरीक्षण भी करेंगे। दोपहर बाद वह गाजियाबाद से बुलन्दशहर के लिए रवाना होंगे। सीएम के आगमन का कार्यक्रम तय होने के बाद जिले के अधिकारियों ने तैयारी तेज कर दी है।




