रेलवे ने अतिक्रमण हटाने के लिए भगवान बजरंग बली को नोटिस किया जारी, दी चेतावनी

मुरैना,(मध्य प्रदेश)। मुरैना जिले के सबलगढ़ कस्बे में रेलवे की जमीन पर हुए ‘‘अतिक्रमण ’’ को हटाने के लिए रेलवे ने भगवान बजरंग बली को नोटिस भेजा लेकिन गलती का एहसास होने पर फिर इसे वापस ले लिया गया। बजरंग बली को संबोधित और आठ फरवरी को जारी नोटिस में सात दिनों के अंदर अतिक्रमण हटाने या कार्रवाई का सामना करने का निर्देश दिया गया है। नोटिस में कहा गया है कि अगर रेलवे ढांचा हटाने की कार्रवाई करता है तो इसका खर्च अतिक्रमणकर्ता को देना होगा। यह नोटिस देवता के मंदिर में चस्पा किया गया था।
नोटिस के सोशल मीडिया परप्रसारित होने और हंगामे के बाद रेलवे ने गलती सुधारी और मंदिर के पुजारी के नाम नया नोटिस जारी किया। झांसी रेल मंडल के पीआरओ (जनसंपर्क अधिकारी) मनोज माथुर ने कहा कि शुरुआती नोटिस गलती से दिया गया था। उन्होंने कहा, ‘‘ अब, नया नोटिस मंदिर के पुजारी को दिया गया है,। इससे पहले झांसी रेलवे डिवीजन के सीनियर सेक्शन इंजीनियर द्वारा बजरंग बली, सबलगढ़ को नोटिस दिया गया था। श्योपुर-ग्वालियर ब्रॉडगेज लाइन के निर्माण के लिए अतिक्रमण को हटाया जाना था। 10 फरवरी को जारी नया नोटिस मंदिर के पुजारी हरिशंकर शर्मा के नाम पर तामील किया गया।




