अजमेर दरगाह की अंजुमन कमेटी सचिव का वीडियो वायरल, हिंदू रैली को ‘जले पर नमक छिड़कने’ वाला बताया

अजमेर,(राजस्थान)। राजस्थान में करौली, जोधपुर और उदयपुर की साम्प्रदायिक घटनाओं के बाद राज्य सरकार की कानून और व्यवस्था को लेकर देशभर में किरकिरी हो रही है। ऐसे में अब पुलिस साम्प्रदायिक माहौल खराब करने और भड़काऊ बयान देने वालों पर नकेल कसती नजर आ रही है। लेकिन इसी बीच अजमेर से सरवर चिश्ती का भी एक भड़काऊ वीडियो वायरल हुआ है। यह वीडियो उदयपुर की घटना से पहले का बताया जा रहा है। हिंदू समाज के संगठनों की ओर से तब अजमेर में रैली निकाली गई थी। इसी को लेकर दरगाह के खादिमों की संस्था अंजुमन के सचिव सैयद सरवर चिश्ती ने दरगाह के बाहर से यह बयान दिया था। सरवर चिश्ती ने हिंदू रैली को जले पर नमक छिड़कना और अजमेर में हिंदू दुकानदारों के कारोबार को लेकर विवादित बयान दिया। एक दिन पहले एक और खादिम सलमान चिश्ची को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सलमान ने नूपुर शर्मा का सिर काटने वाले को इनाम देने की बात कही थी और अपने बयान को सोशल मीडिया पर वायरल भी किया था।
अपने बयान में सरवर ने कहा कि हिंदुओं ने उनके जले पर नमक छिड़कने का काम किया है। साथ ही उन्होंने कहा कि नला बाजार और दरगाह बाजार के हिंदू व्यापारी यहीं से रोजी रोटी कमाते हैं। और उनका परिवार चलता है। उसके बावजूद भी उन्होंने दुकानें बंद रखी। ऐसे में जायरीन को चाहिए कि वह इनको सबक सिखाए। अंजुमन सचिव सरवर चिश्ती ने कहा कि उन्होंने रैली उनके नबी की शान में गलत टिप्पणी करने वाली नुपुर शर्मा की गिरफ्तारी की मांग की थी। लेकिन हिन्दुओं ने रैली करके नुपुर शर्मा का समर्थन जताया था जो कि गलत है। सरवर चिश्ती ने कहा कि वह हिंदू देवी देवताओं का मान सम्मान करते हैं लेकिन इसके बावजूद उनके मोहम्मद साहब के लिए विवादित टिप्पणी की गई थी जो कि गलत है।




