महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भारत की विजयी शुरुआत, मलेशिया को 4-1 से हराया
भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में मलेशिया को 4-1 से हराकर विजयी आगाज किया।

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। तीन बार की एशियन चैंपियन भारतीय महिला हॉकी टीम ने महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में शानदार आगाज किया है। भोपाल में खेले गए मुकाबले में कप्तान सलीमा टेटे की अगुवाई में भारतीय टीम ने मलेशिया को 4-1 से हराकर टूर्नामेंट में जीत के साथ अपना अभियान शुरू किया। मुकाबले के पहले हाफ में मलेशिया ने भारत को कड़ी चुनौती दी, लेकिन दूसरे हाफ में भारतीय खिलाड़ियों ने दमदार वापसी करते हुए मैच पर अपना दबदबा बना लिया।
मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। पहले क्वार्टर में भारतीय टीम को दो पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन मलेशियाई रक्षापंक्ति ने दोनों मौकों पर गोल नहीं होने दिया। दूसरे क्वार्टर के 20वें मिनट में नूरमिराह जुल्किफली ने गोल दागकर मलेशिया को 1-0 की बढ़त दिला दी। हालांकि, भारत ने तुरंत जवाब दिया और इसी मिनट मुमताज खान ने शानदार गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। पहले हाफ के अंत तक दोनों टीमें बराबरी पर रहीं।
तीसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने आक्रामक रुख अपनाया। 35वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर को कप्तान सलीमा टेटे ने गोल में बदलकर भारत को 2-1 की बढ़त दिला दी। इसके बाद भारत को कई पेनल्टी कॉर्नर मिले। 39वें मिनट में मिले एक और मौके का भारतीय टीम ने पूरा फायदा उठाया। अपना पदार्पण मुकाबला खेल रहीं पूजा साहू ने शानदार गोल दागकर अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला गोल किया और भारत की बढ़त 3-1 कर दी।
चौथे क्वार्टर में भी भारतीय खिलाड़ियों ने मलेशिया पर दबाव बनाए रखा। लालरेम्सियामी हमारजोटे ने गोल कर भारत की बढ़त 4-1 कर दी। इसके बाद मलेशियाई टीम वापसी नहीं कर सकी और भारतीय महिला हॉकी टीम ने मुकाबला अपने नाम कर लिया।
इस जीत के साथ भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में अपने इरादे स्पष्ट कर दिए हैं। कप्तान सलीमा टेटे के नेतृत्व में खिलाड़ियों ने दबाव के बीच शानदार प्रदर्शन किया। खास बात यह रही कि पूजा साहू ने अपने पदार्पण मैच में गोल करके टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया।




