कुलगाम हमले के बाद सीआरपीएफ सख्त, अब ड्यूटी पर मोबाइल नहीं चला सकेंगे जवान; लापरवाही पर नपेंगे अफसर

जम्मू-कश्मीर में आतंकी हमलों के मद्देनजर सीआरपीएफ ने नाका ड्यूटी की सुरक्षा रणनीति में बदलाव किया है। कुलगाम हमले के बाद जवानों के मोबाइल इस्तेमाल पर सख्ती और कमांडरों की जवाबदेही भी बढ़ाई गई है।

श्रीनगर,एजेंसी। दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में सीआरपीएफ के नाके पर हुए आतंकी हमले के बाद केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने घाटी में तैनात जवानों की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के निर्देश जारी किए हैं। 11 नवंबर को अखरान इलाके में हुए हमले में तीन जवान घायल हो गए थे। इसके बाद बल ने संवेदनशील नाका स्थलों पर तैनाती के दौरान सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा है।

नई एडवाइजरी के अनुसार, संवेदनशील स्थानों पर तैनात जवानों के लिए बुलेटप्रूफ जैकेट पहनना और उपलब्ध सुरक्षित मोर्चों का इस्तेमाल करना अनिवार्य होगा। नाका स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम, रोशनी और प्रभावी संचार व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। ड्यूटी के दौरान जवानों को सतर्क रहने और आसपास की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने को कहा गया है।

सीआरपीएफ ने नाका ड्यूटी के समय मोबाइल फोन के अनावश्यक इस्तेमाल पर भी रोक लगाई है। आधिकारिक आवश्यकता होने पर ही अधिकृत कर्मियों को मोबाइल इस्तेमाल करने की अनुमति होगी। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि जवान निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाएं।

एडवाइजरी में यूनिट कमांडेंट और कंपनी कमांडरों की जिम्मेदारी भी बढ़ाई गई है। उन्हें सुरक्षा इंतजामों का नियमित निरीक्षण करने, जवानों को आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने और समय-समय पर सुरक्षा संबंधी ब्रीफिंग देने को कहा गया है। जिला पुलिस के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा आपात स्थिति में निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया है। निर्देशों के पालन में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

गौरतलब है कि 11 नवंबर को कुलगाम के नौपोरा अखरान इलाके में मीर बाजार के पास आतंकियों ने सीआरपीएफ के नाके को निशाना बनाकर गोलीबारी की थी। हमले में तीन जवान घायल हुए थे, जिन्हें उपचार के लिए अनंतनाग अस्पताल ले जाया गया। इनमें एक जवान की हालत गंभीर बताई गई थी। घटना के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके में तलाशी अभियान चलाया और हमलावरों की पहचान के प्रयास तेज किए।

जांच के दौरान लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े स्थानीय आतंकी लतीफ बट और उसके सहयोगियों की भूमिका संदेह के घेरे में आई। इसके बाद 16 नवंबर को कुलगाम के लारू इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें उमर निसार डार मारा गया। जांच एजेंसियों के अनुसार, वह पिछले कुछ महीनों से लतीफ बट को कथित तौर पर मदद और पनाह दे रहा था। दोनों पर सीआरपीएफ नाके पर हुए हमले में शामिल होने का संदेह जताया गया है। अभियान में सेना, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह ने हिस्सा लिया। लतीफ बट की तलाश जारी है।

कुलगाम हमले और उसके बाद हुई कार्रवाई के मद्देनजर सीआरपीएफ ने घाटी में संवेदनशील नाका स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा शुरू की है। नई एडवाइजरी का उद्देश्य जवानों की सुरक्षा को मजबूत करना और यह सुनिश्चित करना है कि तैनाती के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का जमीनी स्तर पर भी पूरी तरह पालन हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button