मीरा आंद्रीवा ने रचा इतिहास, बिना सेट गंवाए जीता डब्ल्यूटीए फाइनल्स का खिताब

मीरा आंद्रीवा ने डब्ल्यूटीए फाइनल्स में अजेय रहते हुए खिताब जीता, जहां उन्होंने यूक्रेन की एलिना स्वितोलिना को हराया।

वेल्स। रूस की 19 वर्षीय टेनिस खिलाड़ी मीरा आंद्रीवा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए डब्ल्यूटीए फाइनल्स का खिताब अपने नाम कर लिया। रविवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में उन्होंने यूक्रेन की एलिना स्वितोलिना को सीधे सेटों में 7-5, 6-3 से शिकस्त दी। आंद्रीवा ने पूरे टूर्नामेंट में एक भी सेट नहीं गंवाया और पांचों मुकाबलों में जीत दर्ज कर 5-0 के रिकॉर्ड के साथ चैंपियन बनीं। इस उपलब्धि के साथ वह अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ विश्व रैंकिंग पर भी पहुंच गईं और कजाकिस्तान की एलेना रिबाकिना के ठीक पीछे जगह बनाई।

आंद्रीवा डब्ल्यूटीए फाइनल्स का खिताब बिना कोई सेट गंवाए जीतने वाली 11वीं खिलाड़ी बन गई हैं। इस विशिष्ट उपलब्धि की सूची में क्रिस एवर्ट, मार्टिना नवरातिलोवा और सेरेना विलियम्स जैसी दिग्गज खिलाड़ियों के नाम भी शामिल हैं, जिन्होंने अपने करियर में यह कारनामा किया है।

करीब दो घंटे तक चले फाइनल मुकाबले में कुल 21 गेम खेले गए और दोनों खिलाड़ियों की सर्विस नौ बार टूटी। मुकाबले के निर्णायक दौर में आंद्रीवा ने आखिरी छह में से पांच गेम जीतकर खिताब पर कब्जा जमाया। इस शानदार जीत के साथ उन्हें 33.7 लाख डॉलर यानी करीब 31 करोड़ रुपये की इनामी राशि मिली। इसके अलावा उन्हें अल्ट्रावायलेट पर्पल रंग की विशेष मर्सिडीज-बेंज कन्वर्टिबल कार भी पुरस्कार के रूप में दी गई।

कार को इंडियन वेल्स टेनिस गार्डन के कोर्ट पर लाए जाने के बाद आंद्रीवा खुशी से झूम उठीं और ड्राइविंग सीट पर बैठकर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि यह कार उनके लिए जल्द से जल्द ड्राइविंग लाइसेंस हासिल करने की शानदार प्रेरणा है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि यदि लाइसेंस नहीं मिल पाता है तो उनकी टीम में पांच लोग हैं और वह ‘पैसेंजर प्रिंसेस’ बनकर भी सफर का आनंद ले सकती हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button